जयपुर

Marco Rubio Jaipur Visits : अमरीकी विदेश मंत्री के स्वागत को आमेर महल में देर रात रिहर्सल, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

Marco Rubio Jaipur Visits : अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध आमेर महल का भ्रमण करेंगे। इसके साथ ही वे शहर के प्रमुख टूरिस्ट पैलेस का दौरा करेंगे।

2 min read
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और उनकी पत्नी जेनेट डी. रुबियो शनिवार को नई दिल्ली में। फोटो - ANI

Marco Rubio Jaipur Visits : अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। यहां वे दोपहर बाद विश्व प्रसिद्ध आमेर महल का भ्रमण करेंगे। इधर आमेर महल में वीवीआइपी विजिट को देखते हुए पुरातत्व विभाग, पुलिस और प्रशासन शनिवार से ही अलर्ट मोड पर हैं। शनिवार पूरे दिन पुलिस, प्रशासन व पुरातत्व विभाग, अमरीकी विदेश मंत्री के सुरक्षा अधिकारियों के दौरे महल में होते रहे। दोपहर में पुरातत्व निदेशक डाॅ पंकज धरेन्द्र, महल अधीक्षक डॉ. राकेश छोलक ने महल का दौरा किया और साफ सफाई देखी और महल के जलेब चौक में उनके स्वागत की खास तैयारियों का भी जायजा लिया। रात 8 बजे बाद महल में पुलिस की ओर से वीवीआइपी विजिट से पहले रिहर्सल भी किया गया। सूत्रों के अनुसार महल में भ्रमण के दौरान राजस्थानी कलाकार भी प्रस्तुति देंगे।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 25 मई को दोपहर 2 बजे जयपुर पहुंचेंगे। 26 मई सुबह 6.30 जयपुर से रवाना हो जाएंगे। रूबियो आमेर महल सहित शहर के प्रमुख टूरिस्ट पैलेस का दौरा करेंगे और उनकी खूबसूरती को निहारेंगे। बताया जा रहा है कि वह 25 मई को दोपहर 3 बजे आमेर महल पहुंचेंगे। यहां राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी उनका स्वागत करेंगी।

बताया जा रहा है कि आमेर महल के जलेब चौक में उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति की झलक दिखाने के लिए लोक कलाकारों और सांस्कृतिक दलों को भी तैयार किया जा रहा है। मार्को रूबियो के दौरे को लेकर जयपुर प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री का यह दौरा जयपुर के पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय पहचान के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि मार्को रूबियो 24 से 26 मई तक भारत के अलग-अलग शहरों के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नई दिल्ली, जयपुर, आगरा और कोलकाता जाने का कार्यक्रम है।

पीएम नरेंद्र मोदी से मिले मार्को रूबियो

भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मिले। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। मार्को रूबियो ने पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का न्योता दिया। इस बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित अन्य सीनियर अफसर भी मौजूद थे।

2024 में जयपुर आए थे फ्रांस के राष्ट्रपति

वर्ष 2024 में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ हवा महल के सामने रोड शो किया था। इसी तरह वर्ष 2000 में बिल क्लिंटन के दौरे ने जयपुर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया था।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Weather Update 24 May : राजस्थान के 4 जिलों में आज बदलेगा मौसम, अगले 4 दिन हीटवेव का अलर्ट
Published on:
24 May 2026 08:58 am
Also Read
View All