कानपुर

Kanpur News:मेडिकल वेस्ट निस्तारण फैक्ट्री में भीषण आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

Medical Waste Fire Kanpur:कानपुर के सचेंडी क्षेत्र स्थित मेडिकल वेस्ट स्टोरेज यूनिट में भीषण आग लग गई। आठ दमकल यूनिटों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया।

2 min read
May 24, 2026
आग बुझाते अग्निशमन कर्मचारी

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के भीमसेन स्टेशन रोड, भौती स्थित की मेडिकल बायो वेस्ट स्टोरेज यूनिट में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे स्टोरेज क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया और परिसर में घना काला धुआं फैल गया। ज्वलनशील मेडिकल कचरे के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित दूरी की ओर भागते नजर आए।

सूचना मिलते ही दौड़ी दमकल की टीमें, आठ यूनिटों ने संभाला मोर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद परिसर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फजलगंज से तीन और पनकी से एक अग्निशमन यूनिट मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल अतिरिक्त संसाधन लगाने के निर्देश दिए, जिसके बाद किदवई नगर, जाजमऊ, कर्नलगंज तथा माती (कानपुर देहात) फायर स्टेशन से भी दमकल वाहन बुलाए गए। कुल आठ अग्निशमन यूनिटों ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का मोर्चा संभाला।

तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद आग पर पाया गया नियंत्रण

दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान फायर टीमों ने आसपास के आवासीय और औद्योगिक भवनों तक आग फैलने से सफलतापूर्वक रोका, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। लगातार पानी और फोम के उपयोग से आग को नियंत्रित किया गया।

कोई जनहानि नहीं, कारणों की जांच जारी

मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि इस भीषण आग की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि समय रहते दमकल टीमों की तत्परता से आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सका। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। प्रशासन ने यूनिट में सुरक्षा मानकों, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था तथा मेडिकल वेस्ट स्टोरेज सिस्टम की भी जांच के निर्देश दिए हैं।

Updated on:
24 May 2026 09:39 pm
Published on:
24 May 2026 09:37 pm
Also Read
View All