कटनी

नेशनल लोक अदालत: आपसी समझौतों से मिनटों में निपटे हजारों प्रकरण

National Lok Adalat katni

2 min read
Dec 15, 2024
National Lok Adalat

वर्षों की तकरार हुई खत्म, कोर्ट-कचहरी, कार्यालय व थानों के चक्कर से मिली मुक्ति, कटनी में 27 खंडपीठों में हुई सुनवाई, 1405 लंबित प्रकरण और 4272 प्री-लिटिगेशन मामलों का हुआ निराकरण

कटनी. जिला न्यायालय एवं तहसील न्यायालयों (विजयराघवगढ़, बरही, ढीमरखेड़ा) सहित अन्य विभागों में शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार शर्मा ने मां सरस्वती के पूजन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान विशेष न्यायाधीश राजेन्द्र कुमार शर्मा, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ अमित शुक्ला, जिला अभियोजन अधिकारीगण, लोक अभियोजकगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, अन्य विभागों के अधिकारी एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। नेशनल लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन और लंबित मामलों का आपसी समझौते से निराकरण किया गया। नेशनल लोक अदालत ने न्याय के त्वरित समाधान और आपसी समझौतों से विवादों को समाप्त करने की अपनी भूमिका को बखूबी निभाया। इससे न केवल पक्षकारों को राहत मिली, बल्कि सामाजिक समरसता का भी संदेश गया। इस दौरान पति-पत्नि में कई वर्षों से चल रहे विवाद को भी समझाइश के बाद निराकरण कराया गया।

इन प्रकरणों का हुआ निराकरण
प्री-लिटिगेशन मामलों में कुल 5832 मामलों को रैफर किया गया, जिनमें से 4272 प्रकरण निपटाए गए। 4317 लोगों को लाभ मिला और 1 करोड़ 95 लाख 48 हजार 783 की राशि जमा हुई। लंबित मामलों में कुल 4051 मामलों को रैफर किया गया, जिनमें से 1405 प्रकरणों का निराकरण किया गया। 2627 लोग इन मामलों से लाभान्वित हुए।

इन खंडपीठों में सुनवाई
जिला विधिक सहायता अधिकारी अनुज कुमार चंसौरिया ने बताया कि लोक अदालत के दौरान जिले में कुल 27 खंडपीठों का गठन किया गया था। इनमें राजस्व, नगर निगम, बिजली, मोटर दुर्घटना दावा, आपराधिक प्रकरण एवं अन्य मामलों का समाधान आपसी राजीनामे से किया गया। राजीनामा करने वाले पक्षकारों को प्रतीक स्वरूप फलदार और छायादार पौधे प्रदान किए गए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सके। लोक अदालत में न्यायाधीश, अधिवक्ता, पैरालीगल वालंटियर्स, कर्मचारियों और पक्षकारों ने सक्रिया भागीदारी निभाई।

तीन घंटे बंद रहा सर्वर, 50 लाख हुए जमा
नेशनल लोक अदालत का आयोजन नगर निगम कार्यालय के अलावा बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास, दुर्गा चौक खिरहनी, सुभाष चौक एवं माधव नगर उप कार्यालय में किया गया। विगत वित्तीय वर्ष 2023-24 तक की बकाया राशि पर नियमानुसार संपत्ति कर एवं जलकर की बकाया राशि में अधिरोपित अधिभार, सरचार्ज में छूट प्रदान की गई। नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने शिविर में पहुंचकर अधिकारी कर्मचारियों से लक्ष्यानुसार अब तक कितनी राशि जमा कराई गई जानकारी लेते हुए, शत प्रतिशत बकाया राशि जमा करवाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों ने अवगत कराया कि सर्वर न चलने से अधिकारियों के निर्देशन पर मैन्युअल रसीद जारी की जा रही है, ताकि वसूली कार्य बाधित न हो। इस दौरान पार्षद शशिकांत तिवारी, राजेश भास्कर, श्याम पंजवानी, ओमप्रकाश सोनी, जागेश्वर पाठक राजस्व अधिकारी, मुकेश राजपूत राजस्व निरीक्षक आदि मौजूद रहे। बता दें कि नगर निगम को लगभग लोक अदालत में लगभग 3 करोड़ का लक्ष्य तय किया गया था, शाम 7 बजे तक 50 लाख रुपए जमा कराए गए। नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि एक करोड़ रुपए से अधिक वसूली का लक्ष्य तय किया गया है।

Published on:
15 Dec 2024 08:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर