Akhilesh Yadav Attacks: उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए मतदान की तारीख आगे बढ़ने के बाद अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला किया है। उन्होंने इसे भाजपा की चाल बताया।
Akhilesh Yadav Attacks: उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव की तारीख बदल गई है। चुनाव आयोग ने 13 नवंबर की जगह अब 20 नवंबर को मतदान होने की बात कही है। चुनाव आयोग ने यह फैसला भारतीय जनता पार्टी की मांग पर लिया है। दरअसल, भाजपा ने त्योहारों को देखते हुए चुनाव आयोग से तारीख बदलने की मांग की थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने अपना फैसला सुनाया है। वहीं दूसरी ओर उपचुनाव के लिए मतदान की तारीख आगे बढ़ने पर अखिलेश यादव ने भाजपा का घेराव किया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सपा सांसद अखिलेश यादव ने मतदान की तारीख आगे बढ़ाने को भाजपा की चाल बताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा "टालेंगे तो और भी बुरा हारेंगे! पहले मिल्कीपुर का उपचुनाव टाला, अब बाक़ी सीटों के उपचुनाव की तारीख़, भाजपा इतनी कमजोर कभी न थी।
दरअसल बात ये है कि उप्र में ‘महा-बेरोज़गारी’ की वजह से जो लोग पूरे देश में काम-रोज़गार के लिए जाते हैं, वो दिवाली और छठ की छुट्टी लेकर उप्र आए हुए हैं, और उपचुनाव में भाजपा को हराने के लिए वोट डालनेवाले थे। जैसे ही भाजपा को इसकी भनक लगी, उसने उपचुनावों को आगे खिसका दिया, जिससे लोगों की छुट्टी ख़त्म हो जाए और वो बिना वोट डाले ही वापस चले जाएं।"
डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा में हलचल मची हुई है। जहां हम लोग अच्छा कर रहे हैं। जहां समाजवादी पार्टी अच्छा करने का कार्य कर रही है। इसमें फेरबदल करने के लिए यह तारीख आगे बढ़ाई गई है। अगर कोई सबसे चालू पार्टी है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। यह पार्टी वोट बटोरने के लिए लोगों का ध्यान भटकाना जानती है।
इनका नौकरी और महिलाओं का स्तर ऊपर उठाने से कोई वास्ता नहीं है। युवा भी यह जान गए हैं कि भारतीय जनता पार्टी ध्यान भटकाने का काम करती है। भारतीय जनता पार्टी संविधान को बदलना चाहती है। लेकिन अब ये लोग ध्यान नहीं भटका पाएंगे।