
मैनपुरी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने फिर से समाजवादी पार्टी ने हाथ मिलाने के संकेत दिए हैं। हालांकि उनका कहना है कि सपा में विलय नहीं करेंगे, लेकिन गठबंधन कर सकते हैं। मैनपुरी के पहाड़पुर गांव में शहीद उमेश चंद्र यादव की प्रतिमा का अनावरण करने आए शिवपाल यादव ने ये बातें मीडिया के सामने कहीं।
ये बोले प्रसपा अध्यक्ष
शिवपाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव पहले भी वो इसके लिए प्रयासरत थे, लेकिन साजिशकर्ताओं ने ऐसा नहीं होने दिया। लेकिन अब भी गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि वे सपा में विलय के बजाय गठबंधन करने को तैयार हैं। इस बीच नेता जी मुलायम सिंह यादव की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि मुलायम के रक्षा मंत्री बनने से पहले तक शहीदों के सिर्फ वस्त्र ही परिवार वालों को मिलते थे, लेकिन नेताजी की बदौलत परिजनों को पार्थिव शरीर के दर्शन कर पाए। रक्षा मंत्री बनने के बाद नेताजी ने शहीदों के शव को उनके घर पहुंचाने का निर्णय लिया। शहीद के परिजनों को प्रदेश और केंद्र सरकार से आर्थिक सहायता दिलवाने का भी कार्य किया।
भाजपा सरकार आने के बाद निरंकुश हुए अपराधी
इस दौरान प्रसपा अध्यक्ष ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार पर अपराधी निरंकुश हो गए हैं। वहीं युवाओं को रोजगार न मिलने से वो परेशान हैं। लूट, हत्या और डकैती की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।