मुंबई

Nagpur: बेटा और बहू घूमने गए थे, किसी ने घर में घुसकर मां का मुंह तकिए से दबाकर मार डाला

प्रारंभिक जांच के अनुसार, अज्ञात आरोपी पिछले दरवाजे से घर में घुसा और तकिये से महिला का मुंह दबाकर हत्या कर दी।

2 min read
Oct 10, 2025

महाराष्ट्र के नागपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नागपुर के वाठोडा थाना क्षेत्र के सेनापति नगर में शुक्रवार सुबह एक 55 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सुनीता मधुकर भोयर (55) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला की घर में गला दबाकर हत्या की गई है।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि कोई अज्ञात व्यक्ति घर के पिछले दरवाजे से अंदर घुसा और तकिए से सुनीता का मुंह दबाकर उनकी जान ले ली। हैरानी की बात यह है कि घर से कोई कीमती सामान चोरी नहीं हुआ, जिससे पुलिस को शक है कि यह हत्या लूट के लिए नहीं, बल्कि किसी निजी कारण से की गई हो सकती है।

ये भी पढ़ें

‘मिस यू, लव यू’ मैसेज भेजने पर पॉक्सो केस दर्ज… पुलिस पर भड़की हाईकोर्ट, कहा- बिना विचार किए…

रहस्यमय हत्या से फैली सनसनी

जानकारी के मुताबिक, सुनीता के पति नगर निगम में सफाई कर्मचारी थे। उनकी मृत्यु के बाद बेटे आकाश को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। आकाश अपनी पत्नी के साथ 7 अक्टूबर को मुंबई घूमने गया हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे जब दोनों घर लौटे तो उन्होंने मां को मृत अवस्था में पाया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की छानबीन

जिसके बाद वाठोड़ा पुलिस की टीम, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। अभी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है और जांच चल रही है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कई संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अनुमान है कि आरोपी पीछे के रास्ते से अंदर आया और उसी रास्ते से भाग निकला। इस रहस्यमय हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। नागपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की है।

Published on:
10 Oct 2025 08:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर