नीमच

video: पूर्व कैबिनेट मंत्री को नम आंखों से दी अंतिम विदाई

जावद क्षेत्र से दो बार रहे हैं घनश्याम पाटीदार विधायक

2 min read
Feb 03, 2019
Former Minister Of MP Ghanshyam Patidar Die In Neemuch
पुलिस अधीक्षक राकेश सगर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए।

नीमच. प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री घनश्याम पाटीदार को शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रशासन की ओर से पुलिस अधीक्षक राकेश सगर और अपर कलेक्टर विनय कुमार धोका ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पुलिस टुकड़ी ने गाड ऑफ ऑनर दिया। राजस्थान के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी गांधी भवन पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। पाटीदार ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे गांधी नगर स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। उनकी देह लायंस क्लब नीमच के माध्यम से मेडिकल कॉलेज उदयपुर को दान की गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और शहरवासी शामिल थे।

राजकीय सम्मान से हुई अंतिम विदाई
प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वर्गीय घनश्याम पाटीदार की अंतिम यात्रा शनिवार को दोपहर 2 बजे गांधी नगर नीमच स्थित निवासी से निकली। अंतिम यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गांधी भवन पहुंची। इस बीच फव्वारा चौक पर सुभाष वाटिका के सामने भाजपा जिलाध्यक्ष हेमंत हरित के नेतृत्व में भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने पाटीदार को पुष्पांजलि अर्पित की। यहां से अंतिम यात्रा टैगोर मार्ग से जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंची, जहां शासन की ओर से पुलिस अधीक्षक राकेशकुमार सगर, अपर कलेक्टर विनयकुमार धोका, एसडीएम क्षितिज शर्मा सहित अन्य अधिकारियों द्वारा पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रदांजलि अर्पित की। पुलिस की टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पूर्व मंत्री पाटीदार की पार्थिव देह आमजनों के दर्शनार्थ गांधी भवन पर रखी गई। यहां राजस्थान के सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र नाहटा, पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीत कांठेड़, नीमच नगरपालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजकुमार अहीर, सत्यनारायण पाटीदार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजेश सक्सेना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों, आमजनों व मीडियाकर्मियों ने उनके अंतिम दर्शन कर पुष्पांजलि अर्पित की।

लायंस क्लब के माध्यम से हुआ देहदान
पूर्व कैबिनेट मंत्री घनश्याम पाटीदार के निधन पर परिजनों द्वारा उनकी देह लायंस क्लब नीमच के माध्यम से मेडिकल कॉलेज उदयपुर को दान की गई। उदयपुर मेडिकल कॉलेज की टीम गांधी भवन नीमच पहुंची थी। देहदान की प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात मेडिकल टीम पाटीदार की देह को अपने साथ लेकर उदयपुर रवाना हुई। इस दौरान लायंस क्लब के रिखब गोपावन, महेंद्र चौधरी, योगेश पंत, अरविंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में क्लब के पदाधिकारी मौजूद थे। गांधी भवन नीमच पर हजारों नम आंखों ने स्वर्गीय पाटीदार को अंतिम बिदाई दी गई। उल्लेखनीय है कि पूर्वमंत्री स्वर्गीय पाटीदार का लम्बी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। वे पिछले कई माह से बीमार थे। उनका उपचार चल रहा था। स्वर्गीय पाटीदार अपने पीछे एक पुत्र व दो पुत्रियां सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।

Published on:
03 Feb 2019 10:04 pm