नई दिल्ली

यह वही अरविंद केजरीवाल है जो पंजाब में…दिल्ली में आप मुखिया पर बरसीं महिलाएं, पुलिस एक्टिव

BJP Mahila Morcha: दिल्ली में 'महिला सम्मान योजना' पर सियासत तेज हो गई है। गुरुवार को इसको लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने अरविंद केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी महिलाओं को हिरासत में लिया है।

3 min read

BJP Mahila Morcha: दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति का अखाड़ा सज चुका है। पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। इसी बीच गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया। हाथों पर पोस्टर लिए महिलाओं ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर 'महिला सम्मान योजना' को धोखा बताया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन करने वाली महिलाएं भाजपा महिला मोर्चा से जुड़ी हैं। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को दिल्ली में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल की महिला सम्मान योजना को धोखा बताया। हाथों में पोस्टर लेकर केजरीवाल के आवास पर पहुंची महिलाओं ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पोस्टर में लिखा गया था "जो पंजाब को नहीं दे पाये 1000 रुपये, वो क्या देंगे दिल्ली को 2100 रुपये ।" इसके साथ ही भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इस प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

फर्जी तरीके से वोट बटोरने के लिए चलाई गई फर्जी योजना

दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रही भाजपा महिला मोर्चा की दिल्ली अध्यक्ष ऋचा पांडे ने कहा “फर्जी तरीके से पूरे दिल्ली में वोट बटोरने के लिए अरविंद केजरीवाल ने एक फर्जी योजना चलाई है। इसमें महिलाओं को 2100 रुपये हर महीने देने का वादा किया गया है। अरविंद केजरीवाल के कहने पर ही दिल्ली सरकार विधानसभा चुनाव से पहले फर्जी तरीके से लोगों का रजिस्ट्रेशन भी करवा रही है। इसके माध्यम से लोगों का पर्सनल डेटा इकट्ठा किया जा रहा है। यह एक षड्यंत्र है, जिसका उद्देश्य चुनावी लाभ हासिल करना है।”

पंजाब में तीन साल बाद भी वादा क्यों नहीं पूरा कर पाए केजरीवाल?

ऋचा पांडे ने आगे कहा “यह वही अरविंद केजरीवाल है। जिन्होंने पंजाब विधानसभा चुनाव में महिलाओं को एक हजार रुपया हर महीने देने का वादा किया था, लेकिन पंजाब में यह वादा आज तक पूरा नहीं किया जा सका। अब वो दिल्ली में भी झूठ बोलकर फर्जी तरीके से महिलाओं का वोट लेने की कोशिश कर रहे हैं। हम लोग इस पर लीगल एक्शन भी लेंगे। उन्होंने झूठी योजना का लालच देकर महिलाओं का अपमान किया है। उनकी पोल जनता की अदालत में खुल चुकी है।”

हम अरविंद केजरीवाल से जवाब मांगने आए: योगिता सिंह

इस दौरान महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष योगिता सिंह ने कहा “आज हम लोग यहां पर अरविंद केजरीवाल की आवास के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। आज हम उनसे जवाब मांगने आए हैं कि क्या आप पैसे देंगे। उन्होंने पंजाब में भी वहां की महिलाओं से इसी तरह का वादा किया था लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया गया।” योगिता ने आगे कहा “अरविंद केजरीवाल एक ओर बताते हैं कि उन्होंने महिला सम्मान योजना को कैबिनेट की मंजूरी दिलवाकर अधिसूचित करवा दिया। जबकि दूसरी ओर उन्ह‌ीं के सरकारी विभाग इसे फर्जी योजना बता रहे हैं। ऐसे में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से धोखा किया है।”

16 दिसंबर को भी महिलाओं ने किया था प्रदर्शन

दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर महिलाओं ने पहली बार प्रदर्शन नहीं किया है। इससे पहले 16 दिसंबर को भी महिलाओं ने अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। उस दौरान भी अरविंद केजरीवाल के खिलाफ महिलाओं में सुरक्षा के मुद्दे को लेकर आक्रोश देखा गया था। दरअसल, उस समय अरविंद केजरीवाल के घर पर की गई महिला सांसद की पिटाई से लोगों में नाराजगी थी।

प्रदर्शन में शामिल भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और कमलजीत सहरावत ने कहा "अरविंद केजरीवाल महिला सम्मान के नाम पर सिर्फ छलावा करते हैं। सरकार में रहते हुए जिसके घर में महिला सांसद की पिटाई की गई हो। उससे महिलाएं क्या उम्मीद लगाएंगी? अरविंद केजरीवाल ने पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान पंजाब की महिलाओं को एक हजार रुपये देने का वादा किया था। जो तीन साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं किया जा सका है।"

Also Read
View All

अगली खबर