
रायपुर. राजधानी रायपुर के गांधी नगर के रहने वाले संतोष दुबे की लाश मिलने की जैसे ही खबर फैली इलाके में सनसनी फ़ैल गई। संतोष की लाश लेडी डॉन पूजा सचदेवा के घर से बरामद की गई। बताया जा रहा है कि मृतक का पूजा सचदेवा के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था। पूजा कई आपराधिक कामों में संलग्र है। उस पर गांजा, ब्राउन शुगर व सेक्स रैकेट जैसे कई मामलों में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं। पूजा के मृतक संतोष के आलावा राजा नाम के शख्स के साथ भी संबंध थे। जिसे लेकर दोनों में विवाद होता रहता था। हत्या वाली रात को भी संतोष और पूजा के बीच फोन पर जमकर लड़ाई हुई। इसके बाद वह शराब के नशे में आधी रात को ही पूजा के घर पहुंच गया।
संतोष जब रात को वापस घर नहीं पहुंचा तो परिजन सूचना मिलने पर पूजा के घर पहुंचे लेकिन वहां ताला लगा देखकर उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां देखा तो उनके होश उड़ गए। संतोष की लाश वहीं पड़ी मिली। पुलिस का कहना है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है उसके पूरे शरीर पर चाकूओं के निशान हैं। चाकू से हमला इतनी बार किया गया कि मृतक के पेट की मांसपेशियां तक बाहर आ गई। हत्या के बाद शव को तीसरी मंजिल से खींचकर नीचे लाया गया था। खून के धब्बों से पुलिस इसका अंदाजा लगा रही है।
इधर, पुलिस को यह भी शक है कि गुस्से में जैसे ही संतोष हिस्ट्रीशीटर के घर पहुंचा तो वहां पहले से ही मौजूद पूजा व उसके दो अन्य साथियों ने मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जबकि एक शातिर आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस आरोपियों से मामले के बारे में पूछताछ कर रही है।