सागर

रेलवे ट्रैक पर आवारा मवेशियों का बढ़ता खतरा, बढ़ी रेल हादसों की आशंका

हाईस्पीड ट्रेनों की रफ्तार पर लग रहा ब्रेक, आए दिन टकराते हैं मवेशी, कई बार इंजन में फंसने से खड़ी रहती हैं थ्रू निकलने वालीं ट्रेन

2 min read
May 24, 2026
रेलवे ट्रैक पर घूमते मवेशी। फोटो-पत्रिका

बीना. रेलवे स्टेशन सहित आसपास के खुले रेलवे ट्रैक पर घूम रहे आवारा मवेशी अब रेलवे संचालन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। आए दिन मवेशियों के ट्रेन से टकराने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थिति यह है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो किसी दिन बड़ा रेल हादसा हो सकता है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर भी असर पड़ रहा है और रेलवे का संचालन प्रभावित हो रहा है।
जंक्शन से वंदेभारत, शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस जैसी हाईस्पीड ट्रेनें गुजरती हैं, जिन्हें अचानक सामने आए मवेशियों के कारण तत्काल रोक पाना संभव नहीं होता। कई बार लोको पायलटों को मवेशियों को बचाने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकनी पड़ती है। वहीं, कई मामलों में मवेशी ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो रहे हैं या उनकी मौत हो रही है।

जागरूकता अभियान का भी नहीं हो रहा असर
रेलवे ट्रेनों की गति बढ़ाने के बाद लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चला रही है। लोगों से अपने मवेशियों को बांधकर रखने और रेलवे ट्रैक से दूर रखने की अपील की गई थी, लेकिन ट्रैक पूरी तरह खुला होने के कारण मवेशी आसानी से रेलवे लाइन तक पहुंच जाते हैं। रेलवे स्टेशन परिसर और ट्रैक पर दिनभर मवेशियों का जमावड़ा देखा जा सकता है।

इंजन में फंस जाते हैं मवेशी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कई बार ट्रेन से टकराने के बाद मवेशी इंजन के आगे फंस जाते हैं, जिससे ट्रेन को आगे बढ़ाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में उन्हें हटाने के बाद ही ट्रेन दोबारा रवाना हो पाती है। इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय खराब होता है। यदि हाईस्पीड ट्रेन एक बार रुक जाए, तो उसे दोबारा गति पकडऩे में पांच से सात मिनट का समय लग जाता है। वहीं, स्पीड कम होने के कारण ट्रेन अपने गंतव्य तक पहुंचने में 15 मिनट तक लेट हो जाती है।

कार्रवाई न होने पर गोसेवकों ने दी चेतावनी
रेलवे स्टेशन और ट्रैक पर दर्जनों की संख्या में घूम रहे मवेशियों को लेकर गोसेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द अधिकारी मवेशियों को बाहर नहीं करते हैं, तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, क्योंकि आए दिन गोवंश ट्रेन की चपेट में आ जाते हैं, जिससे उनकी जान चली जाती है। रेलवे एचआई से हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक अभिषेक राय, राजेन्द्र यादव आदि व्यवस्था बनाने के लिए कहा है।

Published on:
24 May 2026 11:43 am
Also Read
View All