शहडोल

प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में शहडोल, दर्ज हुआ 1.5 डिग्री तापमान

दिनभर चल रही सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, सूरज ढलते ही तेजी से गिरता है तापमान

2 min read
Dec 16, 2024

दिनभर चल रही सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, सूरज ढलते ही तेजी से गिरता है तापमान
शहडोल. सर्द हवाओं ने मौसम में ठंडक घोलने का काम किया है। पिछले एक सप्ताह से हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया है। रात के साथ दिन में भी गलन का अहसास हो रहा है। रविवार को सबसे ठंडा कल्याणपुर क्षेत्र रहा। यहां सुबह 6 बजे न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। जानकारों की माने तो पिछले कुछ वर्षों में यह सबसे न्यूनतम तापमान रहा है। एक सप्ताह से जिले में ठंड पूरे शबाब पर है। ग्रामीण क्षेत्रों में वर्तमान में रबी फसलों की चल रही सिंचाई के चलते गलन का अहसास बढ़ गया है। शाम ढ़लने के साथ ही ठिठुरन बढऩी शुरु हो जाती है, सुबह सूरज निकलने के बाद भी ठंड कम नहीं हो रही है।
ठंड से बचने के लिए लोग कर रहे उपाय
ठंड से बचाव के लिए लोग तरह तरह के जतन कर रहे हैं। गर्म कपड़ों का बाजार इन दिनों गर्म हैं। नगर में जगह-जगह ऊनी वस्त्रों के साथ ही कंबल, रजाई की दुकानें सजी हैं, जहां लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इधर इलेक्ट्रानिक दुकानों में भी रूम हीटर के साथ गर्म पानी के लिए गीजर व अन्य इलेक्ट्रानिक सामग्री की मांग बढ़ी है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में लोग आग जलाकर ठंड से बचने का जतन कर रहे हैं।
बच्चे व बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
विशेषज्ञों ने वर्तमान समय में बढ़ते ठंड व शीतलहर को देखते हुए बच्चों के साथ बुजुर्गों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि बच्चे व बुजुर्ग सुबह जल्द न उठे,
शरीर को गर्म कपड़ों से ढ़ंक कर रखें, ज्यादा से ज्यादा गर्म चीजों का सेवन करें। सर्द हवाओं से बचें।
हर घंटे बदला तापमान
रविवार को सुबह इस ठंड का सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार सुबह 5 बजे न्यनूतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस, 6 बजे 1.5 डिग्री सेल्सियस, 7 बजे 5 डिग्री सेल्सियस, 8 बजे 12 डिग्री सेल्सियस व 9 बजे 19 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

आगामी पांच दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग की माने तो जिले में आगामी पांच दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। विभाग के अनुसार इन पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 6-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। तेज सर्द हवाओं की वजह से दिन में भी ठिठुरन रहेगी। अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

वर्तमान समय में बच्चों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। निमोनिया के केश बढ़ गए हैं। गर्म कपड़े पहनाकर रखें, सोते समय बच्चे ओढ़ते नहीं है, तो गर्म कपड़े पहनाकर रखें। तरल पदार्थ का ज्यादा से ज्यादा सेवन कराएं।
डॉ. निशांत प्रभाकर, शिशु रोग विशेषज्ञ

Published on:
16 Dec 2024 12:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर