श्री गंगानगर

पूर्व मंत्री वड्डे सरदार की देह पंचतत्व में विलीन, हजारों नम आंखों ने दी अंतिम विदाई

- राजकीय सम्मान से किया पूर्व मंत्री गुरजंट सिंह बराड़ का अंतिम संस्कार

2 min read

श्रीगंगानगर. भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा राजस्थान सरकार के पूर्व ऊर्जा व सिंचाई राज्य मंत्री स. गुरजंट सिंह बराड़ (91) की देह सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गई। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव चक 5 एलएनपी. में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। जिला पुलिस की ओर से सलामी दी गई। हजारों नम आंखों ने क्षेत्र की राजनीति के पुरोधा व कद्दावर नेता गुरजंट सिंह बराड़ को अंतिम विदाई दी। दिवंगत बराड़ की पार्थिव देह को उनके पुत्र बलदेव सिंह बराड़, भूपेन्द्र सिंह बराड़ व पौत्र विधायक गुरवीर सिंह बराड़ ने मुखाग्नि दी। उनके अंतिम दर्शन करने के लिए क्षेत्र व अन्य राज्यों से हजारों की संख्या में लोगबाग पहुंचे। इससे पूर्व उनके आवास पर रविवार रात्रि से अंतिम दर्शन के लिए दिवंगत की पार्थिव देह को रखा गया। सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे उनकी अंतिम यात्रा उनके आवास से रवाना होकर उनके फार्म पर पहुंची। यात्रा में हजारों की संख्या में वर्तमान जनप्रतिनिधि, पूर्व जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, राजकीय अधिकारी व कार्मिक, प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। उपस्थित जनों ने गुरजंट सिंह बराड़ अमर रहे..., जब तक सूरज चांद रहेगा, गुरजंट सिंह बराड़ तेरा नाम रहेगा... आदि नारों के साथ अंतिम विदाई दी। उल्लेखनीय है कि दिवंगत गुरजंट सिंह बराड़ लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे, रविवार शाम उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। दिवंगत गुरजंट सिंह बराड़ ने राजनीतिक जीवन की शुरूआत 1969 से श्रीगंगानगर क्रय-विक्रय सहकारी समिति के निदेशक पदï् से की। तत्पश्चात राजनीतिक व संगठनात्मक पदों पर रहते हुए 1993 में प्रथम बार संगरिया विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक के रूप में निर्वाचित हुए व राजस्थान सरकार में पहले उप मंत्री, तत्पश्चात राज्य मंत्री बने। उन्हें अपने राजनीतिक सफर में एक बार मंत्री व तीन बार विधायक बनने का गौरव प्राप्त है।


ये बने अंतिम दर्शन में साक्षी


पूर्व मंत्री गुरजंट सिंह बराड़ को जिला कलक्टर मंजू चौधरी, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव यादव, शिल्प व माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलादराय टाक, विधायक जयदीप बिहाणी, बाड़मेर जिले की ​​शिव विधानसभा से विधायक रविन्द्र सिंह भाटी, करणपुर विधायक रूपिन्द्र सिंह कुन्नर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री निहालचन्द मेघवाल, पूर्व मंत्री जगतार सिंह कंग व सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी, पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, महेन्द्र सिंह बराड़, जगदीशचन्द्र जांगिड़, राजकुमार गौड़, अशोक नागपाल, गुरदीप सिंह शाहपीनी, रामप्रताप कासनिया, धर्मेन्द्र मोची, बलवीर लूथरा व शिमला बावरी, पंजाब के पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी, अबोहर विधायक संदीप जाखड़, सादुलशहर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र खीचड़ व प्रदीप खीचड़, भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह मान, पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम मौर्य, आत्माराम तरड़ व महेन्द्र सिंह सोढ़ी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकुर मिगलानी, पुलिस थानाधिकारी सुमेर सिंह इंदा सहित हजारों नम आंखों ने पुष्पचक्र के साथ अंतिम विदाई दी।

Published on:
04 Nov 2024 06:17 pm
Also Read
View All

अगली खबर