mp news: मंगेतर के बुलाने पर बुर्का पहनकर उसके घर जा रहा था लड़का, लोगों ने फ्रॉड समझकर पीटा और पुलिस को सौंपा..।
mp news: इश्क इंसान से क्या कुछ नहीं कराता इसका ताजा उदाहरण मध्यप्रदेश के उज्जैन में सामने आया है। जहां एक लड़के को अपनी मंगेतर के बुलाने पर मिलने जाना भारी पड़ गया। लोग उसे गलत समझ बैठे और वो उन्हें कुछ समझा पाता इससे पहले लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। दरअसल ये लड़का लोकलाज के डर से बुर्का पहनकर अपनी मंगेतर से मिलने जा रहा था जिसकी चाल ढाल पर लोगों को शक हो गया था।
शहर के ताजपुर के रहने वाले युवक की सगाई कुछ महीनों पहले शहर में ही रहने वाली एक युवती से तय हुई थी। सगाई के बाद से ही दोनों एक दूसरे से मिल नहीं पा रहे थे। इसी बीच मंगेतर ने पहली बार जिद की और लड़के को मिलने के लिए अपने घर बुलाया। लड़के ने समझाने की कोशिश की लेकिन मंगेतर की जिद के आगे उसकी नहीं चली। लोकलाज के डर से लड़के ने बुर्का पहनकर जाने की तरकीब सोची। वो बुर्का पहनकर मंगेतर के घर की ओर निकल पड़ा।
मंगेतर के घर की ओर बुर्का पहनकर जा रहे युवक की चाल ढाल देखकर लोगों को उस पर शक हुआ। जिसके कारण कुछ लोगों ने उसका पीछा किया। लोगों को पीछा करता देख बुर्का पहने युवक ने दौड़ लगा दी जिसके कारण लोगों ने उसे पकड़ लिया और जब बुर्का हटाया तो लड़का मिलने पर लोग उसे गलत समझ बैठे और उसकी पिटाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ अपनी पहचान बदलकर गलत पहचान बताने के मामले में धारा 319 में प्रकरण दर्ज किया है।