Trending: जापान ट्रेंच पर 7 महीने तक समंदर के तल में खुदाई का अभियान चलेगा। इससे पता चलेगा कि सुनामी क्यों आती है।
Trending: सुनामी क्यों आती है? इस सवाल का जवाब ढूंढने ऑस्ट्रेलियाई राष्ट्रीय विश्वविद्यालय (एएनयू) के शोधकर्ताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों का एक दल जापान ट्रेंच के अभूतपूर्व मिशन पर जा रहा है। जापान ट्रेंच उत्तरी प्रशांत महासागर के पश्चिमी भाग में जापान के पूर्व में स्थित एक समुद्री खाई है, जो करीब आठ किलोमीटर (8046 मीटर) गहरी है।
शोधकर्ता अत्याधुनिक उपकरणों के साथ समुद्र के तल में करीब एक किलोमीटर की गहराई तक ड्रिल करेंगे और इससे मिले नमूनों का हर एंगल से अध्ययन करेंगे। अभियान के निदेशक प्रोफेसर रॉन हैकनी ने बताया, अभियान का उद्देश्य यह जांचना भी है कि 2011 के विनाशकारी भूकंप के बाद लिए चट्टानी नमूनों में क्या बदलाव आया है।
यह अभियान दस वर्ष की अंतरराष्ट्रीय रिसर्च का अंतिम चरण बताया जा रहा है, जिसे अंतर्राष्ट्रीय महासागर खोज कार्यक्रम (IODP) के नाम से जाना जाता है। यह मिशन करीब सात माह तक चलेगा। इससे पहले एक दशक में 81 ऑस्ट्रेलियाई और न्यूजीलैंड के वैज्ञानिक अलग-अलग ड्रिलिंग अभियानों पर जा चुके हैं।