अमृतसर

लॉकडाउन में आम आदमी पार्टी इस तरह मजबूत कर रही आधार

– माझा जोन इंचार्ज कुलदीप सिंह धालीवाल कहते हैं- शहरवासियों को तो सबने पूछा पर ग्रामीणों के लिए कोई नहीं

अमृतसरMay 23, 2020 / 01:08 pm

Bhanu Pratap

Aam Aadmi Party

अमृतसर। पंजाब में सभी पार्टियों कोरोना महामारी के चलते एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही हैं। इसके विपरीत आम आदमी पार्टी (आप) अलग ढंग से लोगों के बीच उतर अपना आधार मजबूत कर रही है। प्रदेश की सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस और बाकी दल लोगों में छाप छोड़ने में विफल हो रहे हैं वही आम आदमी पार्टी लोगों की नब्ज पकड़ते हुए लोगों के बीच उतर रही है। सरकार द्वारा किए गए कामों को कोसते हुए जनता के बीच पैठ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
कुलदीप सिंह धालीवाल की भूमिका

पंजाब में आम आदमी पार्टी का विस्तार करने में लगे हुए माझा जोन इंचार्ज कुलदीप सिंह धालीवाल अमृतसर संसदीय सीट से आम आदमी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ चुके हैं। इस समय माझा जोन के इंचार्ज हैं। वह लुधियाना, जालंधर, अमृतसर जिलों पर खास नजर बनाए हुए हैं। साथ-साथ वह आप के पंजाब प्रधान और सांसद भगवंत मान के साथ पंजाब की राजनीति में भी आम आदमी पार्टी के विस्तार की अहम भूमिका निभा रहे हैं।
तीसरा विकल्प

कुलदीप सिंह धालीवाल बताते हैं कि पंजाब में 60 फ़ीसदी लोग ग्रामीण हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोग प्रदेश में जितनी भी पार्टियां हैं, सभी की राजनीति देखकर परेशान हो चुके हैं। वह इस राजनीति में अब बदलाव चाहते हैं। वह लोकहित की राजनीति चाहते हैं जो कि ना तो अकाली दल कर रहा है ना ही कांग्रेस कर रही है ना ही भाजपा। अब लोगों को तीसरा विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी दिखाई दे रही है। हमने भी मन बना लिया है कि हम उच्च स्तर पर लोगों के बीच उतरेंगे जहां पर हम आम आदमी पार्टी की छाप लोगों में छोड़ सके।
ग्रामीणों के हक की लड़ाई

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिशा निर्देशों पर और अपनी और प्रदेश के अध्यक्ष भगवंत मान की कूटनीति से हम लोग करोना वायरस महामारी के इस समय में लोगों की समस्याएं समझते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच उतरे हैं। शहर के क्षेत्रों के लिए तो हर पार्टी लोगों के बीच जाकर कुछ ना कुछ देने को तैयार है, मगर ग्रामीण क्षेत्र के हकों की लड़ाई लड़ने वाला कोई नहीं। इसलिए हम लोग ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के साथ मिलकर उनके हकों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके लिए इस लॉकडाउन के समय में जरूरी सामान मुहैया करवा रहे हैं। जरूरी नहीं कि हमारा मकसद राजनीति करना ही है। मानवता भी एक धर्म है अगर मानवता के रूप में आम आदमी पार्टी की छाप कहीं लगती है तो क्या हर्ज है, इसीलिए हम पूरे पंजाब क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। उन्हें इस लॉक डाउन में जरूरी सामान मुहैया करवा रहे हैं।
कोरोना के नाम पर सरकार ने पैसा इकट्ठा किया

कुलदीप सिंह धालीवाल कहते हैं गेहूं की फसल मंडी में आई है। सरकार कहती है हमने पूरे इंतजाम किए हैं। केंद्र सरकार की ओर से पूरे पंजाब के लोगों के लिए आटा, दाल, गेहूं, चीनी, तेल, मुफ्त आया पर हमें नहीं लगता कि सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र के किसी भी आदमी को यह सामान दिया। उन्होंने बताया कि हम लोग अब तक लाखों लोगों में सामान बांट चुके हैं, जो हम नहीं बताएंगे कि हमने क्या दिया। पंजाब सरकार कंगाल थी। कोरोना वायरस के इस माहौल में उसे मौका मिला पैसा इकट्ठा करने का जो कि उन्होंने इकट्ठा किया और दबा गए।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.