scriptगुरदासपुर लोकसभा उपुचनाव: कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने भाजपा के सलारिया को हराया | Gurdaspur Lok Sabha Upchanav: Congresss Sunil Jakhar defeats BJP | Patrika News
अमृतसर

गुरदासपुर लोकसभा उपुचनाव: कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने भाजपा के सलारिया को हराया

फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना के निधन के बाद खाली हुई गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने फिर से अपनी पारंपरिक सीट पर कब्जा

अमृतसरOct 17, 2017 / 08:41 pm

शंकर शर्मा

Congress

चंडीगढ़। फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना के निधन के बाद खाली हुई गुरदासपुर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने फिर से अपनी पारंपरिक सीट पर कब्जा कर लिया है। रविवार को हुई मतगणना के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने भाजपा प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया को एक लाख 93 हजार 219 वोट से हराया।


आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव खासा महत्व रखता था लेकिन इस चुनाव में आप प्रत्याशी मेजर सुरेश खजूरिया अपनी जमानत बचाने में असफल रहे हैं। लोकसभा में इस समय पंजाब के कुल 13 सांसद हैं। आज घोषित हुए चुनाव परिणाम के बाद लोकसभा में कांग्रेस सांसदों की संख्या बढक़र चार हो गई है। वहीं लोकसभा में अकाली दल के चार, आम आदमी पार्टी के चार तथा भाजपा का एक सांसद है।


गुरदासपुर लोकसभा उपुचनाव के लिए 11 अक्तबूर को मतदान हुआ था। चुनाव मैदान में कुल 11 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़, भाजपा प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया तथा आप प्रत्याशी मेजर सुरेश खजूरिया में था।


जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार इस चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ को चार लाख 99 हजार 752 वोट, भाजपा प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया को तीन लाख 6 हजार 533 वोट मिले हैं जबकि इस सीट पर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी मेजर सुरेश खजूरिया की मतदाताओं ने बुरी गत कर दी है। आप प्रत्याशी को महज 23 हजार 579 वोट ही मिले हैं। गुरदासपुर लोकसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी समेत कुल 9 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।


इस सीट वर्ष 1952 से लेकर 2014 तक हुए लोकसभा चुनाव में ज्यादातर समय कांग्रेस के उम्मीदवारों ने ही जीत दर्ज की है। कांग्रेस का विजय रथ भाजपा प्रत्याशी एवं फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना ने रोका था। विनोद खन्ना ने वर्ष 2014 में अपने अंतिम चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप बाजवा को एक लाख 36 हजार वोटों के अंतर से हराया था।


इसके उलट आज कांग्रेस की यह जीत करीब दो लाख वोटों के अंतर तक पहुंच गई है। गुरदासपुर के सुखजिंद्रा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट तथा एसडी कालेज पठानकोट में हुई मतगणना के दौरान सुनील जाखड़ आज सुबह प्रथम चरण से ही अपने विरोधियों से आगे हो गए थे।


सुनील जाखड़ की पहले रांउड में शुरू हुई बढ़त 14वें अथवा अंतिम रांउड तक जारी रही। मतगणना के दौरान सुनील जाखड़ तथा स्वर्ण सलारिया जहां अपने-अपने कार्यालयों में मौजूद रहे वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी मेजर खजूरिया सुबह के समय मतगणना केंद्रों पर मौजूद रहे लेकिन चौथे चरण की मतगणना के बाद वह मतदान केंद्र से बाहर आ गए और हार स्वीकार करके घर चले गए।

अमरिंदर ने टवीट् कर दी बधाई
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ की गुरदासपुर में जीत पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जाखड़ ने जो वादे गुरदासपुर की जनता के साथ किए हैं वह फास्ट ट्रैक से पूरे किए जाएंगे। कांग्रेस पार्टी के तमामा विधायक,सांसद तथा नेता व कार्यकर्ता पंजाब के विकास के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो