scriptउपभोक्ताओं के पास बकाया नगरपालिका का 92 लाख का टैक्स, वसूलने में राजस्व विभाग के उतर रहे पसीने | 92 lakh tax due to municipalities owed to consumers | Patrika News
अनूपपुर

उपभोक्ताओं के पास बकाया नगरपालिका का 92 लाख का टैक्स, वसूलने में राजस्व विभाग के उतर रहे पसीने

शासकीय योजनाओं में उलझे कर्मचारी, नगरपालिका की कर वसूली अटकी

अनूपपुरAug 30, 2019 / 03:49 pm

Rajan Kumar Gupta

92 lakh tax due to municipalities owed to consumers

उपभोक्ताओं के पास बकाया नगरपालिका का 92 लाख का टैक्स, वसूलने में राजस्व विभाग के उतर रहे पसीने

अनूपपुर। नगरपालिका अनूपपुर में राजस्व विभाग द्वारा कर वसूली का कार्य सुस्त गति से चल रहा है। इसमें वर्ष २०१९ के अप्रैल माह से अबतक लगभग विभिन्न मद की कर व्यवस्था में मात्र २६ प्रतिशत से अधिक की वसूली सम्भव हो सकी है। जबकि मार्च २०१९ तक के शेष टैक्स के बकाया राशियों में मात्र ११ प्रतिशत ही वसूली हो सकी है। इसमें सबसे अधिक टैक्स जलकर मद का बकाया बताया जा रहा है। हालांकि नगरपालिका राजस्व विभाग का कहना है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के कारण उनकी राजस्व वसूली नहीं हो पा रही है। जबकि पूर्व के बकाया राशियों की वसूली में खुद परिषद के सदस्य सहित अन्य राजनीतिक से जुड़े व्यक्ति दीवार बन खड़े होते आए है। जिसके कारण कई उपभोक्ताओं के पास सालों का बकाया भी राजस्व के खाते में नहीं आ पाया है। विभागीय जानकारी के अनुसार नगरपालिका अनूपपुर का उपभोक्ताओं के पास वर्तमान में ९२ लाख ९० हजार ५९४ रूपए का टैक्स बकाया है। इसमें वर्तमान अप्रैल २०१९ से मांग (निर्धारित लक्ष्य) की राशि का ४८ लाख ३६ हजार १३० रूपए शेष है। जबकि पूर्व से लेकर मार्च २०१९ तक के विभिन्न मद के करो में लगभग ४४ लाख ५४ हजार ४६४ रूपए बकाया है। चालू वर्ष में मांग (निर्धारित लक्ष्य) के अनुसार २६ प्रतिशत टैक्स की वसूली करते हुए ६५ लाख २० हजार ५५० रूपए में १६ लाख ८४ हजार ४२० रूपए वसूली किया जा चुका है। इसी तरह पूर्व से मार्च २०१९ तक की बकाया राशि ५० लाख २२ हजार ९३९ रूपए में से मात्र ५ लाख ६८ हजार ४७५ रूपए ही वसूली राजस्व विभाग कर सका है। इस प्रकार पिछला बकाया ४४ लाख ५४ हजार ४६४ रूपए सामने आया है। वहीं अब नगरपालिका ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार रही है जिनके पास अधिक बकाया राशि है उन्हें नोटिस जारी करेगी। विदित हो कि नगरपालिका अनूपपुर द्वारा नगरीय क्षेत्रांतर्गत शहरी उपभोक्ताओं से लगभग १२ विभिन्न मद में कर वसूली का कार्य करती है। जिसमें चालू मांग के अनुसार नगरपालिका का लक्ष्य सम्पत्ति कर के लिए ३४५००० रूपए , समेकित कर के लिए ३१००००, जलकर में १५२९०४० रूपए, दुकान किराया के लिए २६०००० रूपए, बाजार बैठकी में १८१०००० रूपए, मवेशी बाजार में ९१५५००, शुलभ शौचालय के लिए २३७००० रूपए, प्रदर्शन कर में ००, विकास उपकर के लिए ८१००० रूपए, शिक्षा उपकर के लिए ७५०० रूपए, भूमि किराया में ६०५१० रूपए तथा स्टैंड शुल्क के रूप में ९६५००० रूपए निर्धारित किया है। इसके एवज में सबसे अधिक स्टैंड शुल्क से ४७.८० प्रतिशत, सुलभ शौचालय से ४३.७५ प्रतिशत, मवेशी बाजार से ४६.०३ प्रतिशत की वसूली हुई। शेष मदों में जलकर मात्र ८.८६ प्रतिशत की वसूली सम्भव हो सकी है। जबकि जलकर के लिए नगरीय क्षेत्र में १६६८ कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।
बॉक्स: प्रभारी के भरोसे राजस्व की वसूली
नगरपालिका अनूपपुर में राजस्व की वसूली के लिए कर्मचारियों की कमी है। यहां स्वीकृत ५ पदों में वर्तमान में स्टाफ ही मौजूद हैं। इनमें आरएसआई के १ पद के साथ पटवारी रैंक के ४ स्टाफां में एक प्रभारी राजस्व निरीक्षक तथा एक अन्य स्टाफ कार्यरत है। लेकिन इन दोनों स्टाफ को भी शासकीय योजनाओं प्रधानमंत्री, संबल, स्वच्छता अभियान शुलभ निर्माण से सम्बंधित योजनाओं को क्रियान्वित कर रहा है। कम वसूली के कारण पूर्व में नगरपालिका प्रशासनिक समिति ने राजस्व विभाग पर नाराजगी जताते हुए राजस्व विभाग से कर वसूली पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए थे।
वर्सन:
वर्तमान के साथ साथ पिछला बकाया टैक्स की वसूली भी कम हुई थी। लगभग करोड़ के आसपास उपभोक्ताओं के पास टैक्स का बकाया राशि वसूल करना शेष है। राजस्व विभाग को सख्ती से वसूली के निर्देश दिए गए हैं।
रामखेलावन राठौर, अध्यक्ष नगरपालिका प्रशासनिक समिति अनूपपुर।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो