अनूपपुर। शारदीय नवरात्रि के अंतिम १०वें दिन बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म तथा अहंकार पर निरहंकार का प्रतीक और आदिशक्ति दुर्गा द्वारा महिषासुर की मर्दना के रूप में मनाए जाने वाला विजयदशमी का त्योहार १५ अक्टूबर को शांति एवं सौहार्द में सम्पन्न हुआ। इस दौरान आदिशक्ति माता दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन और जगह-जगह रावण, मेघनाथ, कुंभकर्ण के पुतलों का सामूहिक प्रतीकात्मक दहन किया गया। जिला मुख्यालय अनूपपुर में शुक्रवार की शाम जिला प्रशासन व जनभागीदारी व्यवस्था में अस्थायी कुंडों में माता की प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। मुख्यालय से लगभग दो दर्जन से अधिक छोटी-बड़ी प्रतिमाएं विसर्जित की गई। जिसकी सुरक्षा में पूर्व से तैनात सुरक्षा बलों ने सभी प्रतिमाओं को निर्माणाधीन बस स्टैंड परिसर स्थित अस्थायी कुंड में विसर्जित कराया। अस्थायी कुंड पर नगरीय व जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। जिसके कारण प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला शाम से आरम्भ होकर रात तक चला। इस दौरान जिले के कोतमा, जैतहरी, बिजुरी, पसान, राजेन्द्रग्राम और अमरकंटक नगर में भी दशहरा का पर्व शांति एवं सौहार्द के बीच सम्पन्न हुुआ। शहर में चली आ रही नवरात्रा के बाद दशमी को विजय दिवस के उपलक्ष्य में एक्सीलेंस स्कूल परिसर में नगरपालिका की ओर से रावण दहन व राम के राज्याभिषेक संस्करण का प्रतीकात्मक आयोजन किया गया। जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में ३५ फुट उंचे रावण का दहन किया गया। रावण दहन में मंच पर पधारे राम-लक्ष्मण व वशिष्ठ गुरू की अगुवाई में रावण को तीर मार कर उसका वध किया गया। वहीं विजयदशमी पर्व के अवसर पर सुबह में पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी कीर्ति बघेल, आरआई सहित कोतवाली थाना प्रभारी अमर वर्मा, जिला यातायात प्रभारी वीरेन्द्र कुमरे और पुलिस स्टाफों ने विधि विधान के साथ कालका माता की पूजा कर शस्त्र पूजन की।बॉक्स: कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकला फ़्लैग मार्च जिला मुख्यालय अनूपपुर में कलेक्टर सोनिया मीणा और पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल के नेतृत्व में विशेष जवानों का फ्लैग मार्च निकाला गया। जो नगर के मुख्य मार्गो से गुजरते हुए अन्य वार्डो से कोतवाली थाना परिसर पहुंचा। इस दौरान कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने नगर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। —— बॉक्स- विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, रावण के पुतले का दहनदुर्गा प्रतिमाओं के चल समारोह का आयोजनराजेन्द्रग्राम। राजेंद्रग्राम में नवरात्रि एवं दशहरा का त्योहार परंपरागत तरीके से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार दशहरा का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। विजयादशमी पर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन कार्यक्रम नवयुवक दुर्गा उत्सव समिति राजेंद्रग्राम द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें रामलीला के पात्र श्रीराम द्वारा रावण के पुतले पर तीर मारकर दहन किया गया। वहीं विजयादशमी पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की झांकी निकाली गई। चल समारोह का भी आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को की उपस्थिति रही। स्व सहायता समूह प्रांगण राजेंद्रग्राम में स्थापित दुर्गा प्रतिमा, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, ग्राम बसनिहा, लखौरा, करौंदी, अचलपुर तथा आसपास के ग्रामों की प्रतिमाएं सम्मिलित रही। चल समारोह गायत्री मंदिर से दुर्गा मंदिर तक गाजे-बाजे के साथ काली नृत्य के साथ निकाला गया।चल समारोह के बाद सभी प्रतिमाओं का विसर्जन जोहिला नदी के तट पर बनाए गए निर्धारित कुंड में पूजा अर्चना कर किया गया। रावण दहन कार्यक्रम एवं दुर्गा प्रतिमाओं के चल समारोह विसर्जन के समय प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी पुलिस बल के साथ साथ शांति समिति के सदस्य भी व्यवस्था बनाए रखने में अपनी प्रमुख भूमिका निभा रहे थे।बॉक्स: कोयलांचल में पुलिस अधीक्षक ने निकाला फ्लैग मार्चबदरा। कोयलांचल के जमुना कोतमा क्षेत्र में होने वाले त्योहारों में शान्ति व्यवस्था के लिए कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने फ्लैग मार्च निकाल कर अपनी तैयारियां दिखाते हुए नगर वासियों को सुरक्षा का संदेश दिया। फ्लैग मार्च जमुना बदरा तिराहा से होते हुए जमुना भालूमाडा़ नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी। फ्लैग मार्च का नेतृत्व स्वयं कलेक्टर सोनिया मीणा एवं जिला पुलिस अधीक्षक अखिल पटेल द्वारा किया गया। बॉक्स: भालूमाडा़ प्रभारी ने शस्त्रों की पूजाबदरा। विजयदशमी पर थाना भालूमाड़ा प्रभारी एवं पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा शस्त्र पूजा की गई। थाना के माल खाने में रखे अन्य शस्त्र जो पुलिस के द्वारा उपयोग किए जाते हैं सभी का विधि विधान के साथ पूजा की गई और संकल्प लिया गया समाज सेवा में इन शास्त्रों का उपयोग पुलिस के द्वारा किया जाएगा। [typography_font:18pt;” >———————————————–