अनूपपुर

सकारात्मक सोच के साथ करें मतदान, लोकतंत्र के पर्व में ज्यादा होनी चाहिए युवाओं की भागीदारी

मतदान है अधिकार करें इसका सदुपयोग

अनूपपुरOct 28, 2018 / 05:06 pm

ayazuddin siddiqui

सकारात्मक सोच के साथ करें मतदान, लोकतंत्र के पर्व में ज्यादा होनी चाहिए युवाओं की भागीदारी

अनूपपुर. शासकीय तुलसी महाविद्यालय में शनिवार को मतदाता जागरूकता व लोकतंत्र के पर्व में आपकी भागीदारी के महत्व को लेकर पत्रिका द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राध्यापकों ने छात्र-छात्राओं को भारतीय लोकतंत्र के पर्व में वोट की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा किए गए मतदान की महत्ता पर प्रकाश डाला। जिसपर छात्र-छात्राओं ने भी अपनी राय रखते हुए साफ-सुथरी छवि वाले प्रत्याशी के पक्ष में अपना मताधिकार का प्रयोग करने का सुझाव दिया। साथ ही लोकतंत्र के पर्व में युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी निभाते हुए लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। प्राध्यापक राघवेन्द्र सिंह ने कहा युवा लोकतंत्र की धुरी है। साकारात्मक सोच के साथ मतदान करें। डॉ. पुष्पराज सिंह ने कहा पर्वो की भांति ही इस लोकतंत्र पर्व में आम व्यक्ति नई उमंग और खुशी महसूस करता है और अपनी पंसद के उम्मीदवार को जीत दिलाने में अपना बहुल्य एक वोट प्रदान करता है। डॉ. आशीष गुप्ता ने कहा हालांकि लोकतंत्र में चुनाव आयोग ने लोगों की नापंसद के लिए नोटा विकल्प दिया है। लेकिन नोटा विकल्प किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि सामने वाले पक्ष के लिए मजबूती प्रदान करता है।
तरन्नुम सरवत ने कहा छात्राएं मतदान के लिए घरों से अवश्य बाहर आए। साथ ही अपनी माता, चाची, काकी सहित अन्य महिला सदस्यों को जो मतदान करने के अधिकारी है उन्हें प्रेरित करते हुए मतदान केन्द्रों तक अवश्य लाए। राजनीति में महिलाओं का अहम रोल रहा है, अब तो महिलाएं राजनीति का प्रतिनिधित्व भी कर रही है। वहीं छात्र-छात्राओं ने भी बताया कि मतदान क्यों आवश्यक है, इसके क्या फायदे हैं।
विद्यार्थियों ने कहा
छात्रा आकांक्षा त्रिपाठी ने छात्राओं को मतदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि हम कॉलेज की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। हमें अपना अधिकार और कर्तव्य याद है। हम १८ वर्ष से उपर पहुंच चुके हैं और मत देने के अधिकारी है। लेकिन इसका उपयोग दागी-बागी अपराधिक नेताओं के लिए नहीं बल्कि साफ-सुथरी छवि वाले प्रत्याशी के लिए करेंगे, ताकि विकास के रास्ते खुलेंगे। अपने परिवार के साथ साथ आसपास के लोगों को भी खासकर महिलाओं को वोट देने के लिए प्रेरित करें।
——————————–
छात्रा पार्वती राठौर ने मतदान की महत्ता को बताते हुए कहा हमारा वोट बहुमूल्य है। इसका उपयोग समझदारी के साथ करें। युवा देश की ताकत होती है। अगर युवा अपने अधिकारों के प्रति सजग होता तभी देश का विकास सम्भव हो सकेगा। शिक्षित वर्ग मतदान के महत्व को समझते हैं। इसलिए पांच सालों में होने वाले किसी भी मतदान में अपना वोट अवश्य डाले। वोटिंग में समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो, ताकि लोगों की पसंद का उम्मीदवार देश की सेवा में सामने आ सके। सभी अपने मताधिकार का सदुपयोग करें।
—————————–
छात्र हेमंत सिंह ने बताया कि अक्सर लोग राजनीतिज्ञों के फेर में उलझ कर अपना बहुमूल्य वोट नोटा या दागी-बागी व आपराधिक छवि वाले प्रत्याशी को दे देते हैं, जिसका दंश पूरे पांच साल तक आम व्यक्ति को भोगना होता है। बिना किसी दबाव में आए वह निष्पक्ष मतदान कर सकते हैं। शिक्षित और साफ-सुथरी वाले प्रत्याशी का चयन करें। जो अबतक मतदान से दूरी बनाए हैं उन्हें प्रेरित करें। लोकतंत्र के पर्व में वृद्धों, खासकर महिलाओं, दिव्यांगों, ग्रामीण जो मतदान का महत्व नहीं जानते है को भी प्रेरित करें।

Home / Anuppur / सकारात्मक सोच के साथ करें मतदान, लोकतंत्र के पर्व में ज्यादा होनी चाहिए युवाओं की भागीदारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.