scriptरातभर चली राजनीति व मनाने का दौर, नीरज मनोरिया व अशोक बने अध्यक्ष | body election | Patrika News

रातभर चली राजनीति व मनाने का दौर, नीरज मनोरिया व अशोक बने अध्यक्ष

locationअशोकनगरPublished: Aug 05, 2022 10:01:08 pm

Submitted by:

Arvind jain

भाजपा में शामिल हुए दो निर्दलीय तब जारी हुआ मेंडेट, – अशोकनगर व शाढ़ौरा में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद भाजपा का परचम, जमकर हुई आतिशबाजी व उड़ी गुलाल।

रातभर चली राजनीति व मनाने का दौर, नीरज  मनोरिया व अशोक बने अध्यक्ष

रातभर चली राजनीति व मनाने का दौर, नीरज मनोरिया व अशोक बने अध्यक्ष


अशोकनगर. कांग्रेस की बैठक के बाद मची खलबली के बाद रातभर राजनीति चली और पार्षदों को मनाने का दौर जारी हुआ। सुबह 8 बजे पर्यवेक्षक ने सभी भाजपा पार्षदों की बैठक ली, जिसमें दो निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ली। इसके बाद मेंडेट जारी हुआ। अशोकनगर में नीरज मनोरिया और शाढ़ौरा में अशोक माहौर निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।
पर्यवेक्षक की बैठक के बाद विधायक जजपालसिंह जज्जी भाजपा के भी 14 पार्षदो ंको कारों से लेकर नपा कार्यालय पहुंचे। वहीं कांग्रेस पार्षद अन्य पार्षदों का इंतजार करते नजर आए। सुबह 11 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरु हुई। भाजपा के नीरज मनोरिया ने अध्यक्ष पद पर नामांकन किया, विरोध में कोई अन्य नामांकन न होने से वह निर्विरोध अध्यक्ष घोषित हुए। इसके बाद उपाध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया हुई, जिसमें भाजपा की रीना मनोज शर्मा का ही नामांकन आया, इससे वह भी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं। हालांकि इसके पहले पर्यवेक्षक के साथ भाजपा पार्षदों की बैठक में वार्ड क्रमांक एक की निर्दलीय पार्षद निक्की मोनू रघुवंशी और वार्ड क्रमांक 14 की निर्दलीय पार्षद शशिबाई ओझा ने भाजपा की सदस्यता ली। इससे भाजपा पार्षदों की संख्या बढ़कर 12 से 14 हो गई थी।
स्थिति: विजय जुलूस में शामिल नहीं हुआ कोई भी पार्षद-
नपा अशोकनगर में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने जाने के बाद भाजपा के सभी पार्षद सीधे ही घर चले गए और उपाध्यक्ष भी घर चली गईं। इससे शहर में निकाले गए विजय जुलूस में अध्यक्ष नीरज मनोरिया व उपाध्यक्ष पति मनोज शर्मा और भाजपा में शामिल हुए दोनों निर्दलीय पार्षदों के पति शामिल हुए। भाजपा के अन्य पार्षदों के जुलूस में शामिल न होने से शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। इससे लोग पार्षदों में नाराजगी को इसका कारण मान रहे हैं।
शाढ़ौरा: जीत के बाद दर्शन को टेकरी पहुंचे अध्यक्ष-उपाध्यक्ष-
नगर परिषद शाढ़ौरा का मेंडेट भी शुक्रवार को सुबह पर्यवेक्षक की बैठक के बाद ही घोषित हुआ। यहां अशोक माहौर अध्यक्ष व संगीता रघुवंशी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं। नगर परिषद के चारों तरफ बेरीकेटिंग की गई थी, बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही। वहीं सड़क पर लोगों की भीड़ जुटी रही। निर्विरोध चुने जाने के बाद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सीधे ही नगर परिषद से निकलकर आधा किमी दूर स्थित टेकरी पर पहुंचे, जहां पर हनुमानजी के दर्शन किए।
यह भी खास-
– सुबह 8 बजे तक मेंडेट जारी न होने से पार्षद असमंजस में रहे और अलग-अलग दावेदारों के नामों के कयास लगते रहे, इसके बाद पर्यवेक्षक ने सभी की बैठक की।
– महिला पार्षद अंदर मीटिंग हॉल में होने से उनके पति व परिजन अंदर जाने पुलिस से बहस करते दिखे, अध्यक्ष का चुनाव हो जाने के बाद सभी अंदर पहुंच गए।
– अशोकनगर में अध्यक्ष निर्विरोध घोषित होते ही जमकर आतिशबाजी हुई और बेरीकेटिंग में आकर समर्थकों ने आतिशबाजी की और गुलाल भी उड़ाई गई।
– अंदर चल रही चुनाव प्रक्रिया के दौरान नीरज मनोरिया, कांग्रेस के रितेश जैन व निर्दलीय पार्षद विपिन शिवहरे एक ही सेल्फी में नजर आए, जो चर्चा में बनी रही।
– बाहर कांग्रेसी पार्षदों से भाजपा नेता संपर्क करते हुए देखे गए, जीत के बाद उड़ी गुलाल में कांग्रेस कार्यकर्ता व निर्दलीय पार्षद भी नजर आए, फिर जुलूस निकला।
जनप्रतिनिधियों का परिचय-
नगरपालिका अशोकनगर-
अध्यक्ष- नीरज मनोरिया
पता- नेमीचंद का बगीचा
उम्र- ४७
शिक्षा- बीकॉम
कार्य- व्यापारी
संपत्ति- 54.74 लाख रु.
ऋण- 7.09 लाख रु.
उपाध्यक्ष- रीना मनोज शर्मा
पता- आरोन रोड
उम्र- ३८
शिक्षा- 8वी
कार्य- कृषि
संपत्ति- 1.45 करोड़ रु.
ऋण- निरंक

नगर परिषद शाढ़ौरा-
अध्यक्ष- अशोक माहौर
पता- महल मोहल्ला
उम्र- 62
शिक्षा- साक्षर
कार्य- मजदूरी
संपत्ति- 24.10 लाख रु.
ऋण- निरंक

उपाध्यक्ष- संगीता रघुवंशी
पता- अस्तल मोहल्ला
उम्र- 46
शिक्षा- साक्षर
कार्य- गृहिणी
संपत्ति- 94.03 लाख रु.
ऋण- 4.20 लाख रु.
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो