scriptचंदेरी के दावेदारों की ईसागढ़ में हुई बैठक, पूर्व विधायक रघुवंशी को चुनाव लड़ाने का निर्णय | Chanderi's claimants meeting in Issaghad, former MLA Raghuvanshi decid | Patrika News

चंदेरी के दावेदारों की ईसागढ़ में हुई बैठक, पूर्व विधायक रघुवंशी को चुनाव लड़ाने का निर्णय

locationअशोकनगरPublished: Nov 03, 2018 11:20:02 pm

Submitted by:

Praveen tamrakar

भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर आए नेताओं को मुंगावली व चंदेरी विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया, तो दोनों ही विस क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों और दावेदारों ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

patrika news

Isagad People from all societies present in the meeting

अशोकनगर/ ईसागढ़. भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर आए नेताओं को मुंगावली व चंदेरी विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया, तो दोनों ही विस क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों और दावेदारों ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। टिकट कटने से नाराज जिपं अध्यक्ष के समर्थकों ने भोपाल पहुंचकर हंगामा किया, तो वहीं चंदेरी विधानसभा के दावेदारों ने ईसागढ़ में बैठक की और भाजपा के पूर्व विधायक जगन्नाथसिंह रघुवंशी को किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया। इससे दोनों ही सीटों पर बगावत के सुर उठने लगे हैं, चुनाव में पार्टी के लिए गले की फांस बन सकते हैं।

ईसागढ़ के नगर परिषद अध्यक्ष भूपेंद्रनारायण द्विवेदी को ने 28 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ली थी और पांच दिन बाद ही भाजपा ने उन्हें चंदेरी विधानसभा का प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। चंदेरी विधानसभा से दावेदारी कर रहे भाजपा के पूर्व विधायक जगन्नाथसिंह रघुवंशी, पूर्व विधायक राजकुमारसिंह यादव, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमरसिंह यादव, मंडल अध्यक्ष महादेवसिंह यादव ने कई समाजों के लोगों के साथ शनिवार दोपहर को ईसागढ़ के दीक्षा पब्लिक स्कूल में बैठक की। इसमें कांग्रेस के बागी भूपेंद्रनारायण को भाजपा से टिकट मिलने का विरोध जताया। इस बैठक में कांग्रेस के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। भाजपा नेता व पूर्व विधायक राजकुमारसिंह यादव ने कहा कि पार्टी का यह निर्णय हैरानी भरा है, इसका सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता विरोध करते हैं। पूर्व विधायक ने बताया कि बैठक में जगन्नाथसिंह रघुवंशी के नाम पर सहमति बनी है, यदि वह मना करेंगे तो फिर से बैठक कर दूसरे नाम पर चर्चा की जाएगी।

किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ सकते हैं जगन्नाथ सिंह
चंदेरी विधानसभा से टिकट मांग रहे भाजपा के दावेदारों की पूर्व विधायक जगन्नाथसिंह रघुवंशी के नाम पर सहमति बन गई है। इससे अब जगन्नाथसिंह रघुवंशी भाजपा से बगावत कर किसी भी पार्टी से चंदेरी विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं।
बैठक में शामिल लोगों ने यह भी निर्णय लिया है कि पूर्व विधायक भले ही किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ें, सभी लोग उनकी चुनाव जिताने में पूरी मदद करेंगे। सूत्रों की मानें तो इसके लिए प्रमुख रूप से अब बसपा से संपर्क साधा जा रहा है। हालांकि किसी राष्ट्रीय पार्टी का मेंडेट नहीं मिलने पर जगन्नाथसिंह चुनाव लड़ेंगे या नहीं इस पर फिलहाल संशय बना हुआ है। लेकिन इस बैठक से यह जरूर स्पष्ट हो गया कि इस बार भाजपा को दोनों सीटों पर बागियों से भी मुकाबला करना पड़ेगा।

जिपं अध्यक्ष पुत्र ने नारेबाजी कर रखी बात
जिपं अध्यक्ष के पुत्र यादवेंद्रसिंह ने अपने समर्थकों के साथ प्रदेश कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष के सामने टिकट बदलने की मांग रखी। यादवेंद्रसिंह ने कहा कि सामान्य नारेबाजी कर हमने अपनी बात रखी और शाम को मुख्यमंत्री से मिलने का समय मिला है। इससे मुख्यमंत्री से मिलकर चर्चा करेंगे कि जिपं अध्यक्ष का टिकट क्यों काटा गया, साथ ही टिकट को बदलवाने की बात करेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो