scriptकांग्रेस और BJP कार्यकर्ता आपस में भिड़े, जमकर हुई मारपीट | Controversy in BJP-Congress workers in Ashoknagar | Patrika News

कांग्रेस और BJP कार्यकर्ता आपस में भिड़े, जमकर हुई मारपीट

locationअशोकनगरPublished: Feb 12, 2018 10:26:04 am

Submitted by:

brajesh tiwari

पुलिस ने दोनों पक्षों पर किया मामला दर्ज, आधा दर्जन लोग घायल

congress

अशोकनगर। जिले के पिपरई थानांतर्गत ग्राम गरेंठी में शनिवार को कांग्रेस व बीजेपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे से मारपीट कर दी। जिसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की लिधौरा में आयोजित सभा से समर्थक नारे लगाते हुए लौट रहे थे।

 

ग्राम गरेंठी में झंडे-बैनर लगाने को लेकर भाजपा के समर्थकों से उनका विवाद हो गया और मारपीट हो गई। भाजपा समर्थक फरियादी बद्रीलाल पुत्र जानकी प्रसाद शर्मा ने बताया कि रात में विजयसिंह, जयेन्द्र, अजीत, कदम, गेहरू, सुरजीत, सिम्मी, महिपाल आदि मेरे घर के बाहर लगा बेनर फाड़ रहे थे। मना करने पर सभी ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसमें नरेश कुमार शर्मा, मनोहर, छोटू आदि भी घायल हुए। वहीं दूसरी ओर से भजन पुत्र हल्कू आदिवासी निवासी गरेंठी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसने बताया कि चन्द्रेश शर्मा, बद्रीलाल, प्रकाश, गोलू, नरेश, अंकित, सुनील आदि ने उनके साथ मारपीट की। उसने बताया कि उक्त लोगों ने उन्हें रोका और नारे लगाने से मना करने लगे। विरोध करने पर मारपीट कर दी।

इनका कहना

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्जकर ली है और सुरक्षा की दृष्टि से तहसीलदार शिरोमनसिंह कुशवाह के साथ घटना स्थल का मुआयना भी किया। एक पुलिस पार्टी गांव के गश्त पर भी रही।

– भरत नोतिया, थाना प्रभारी पिपरई

इधर, धूं-धूंकर जली, कांग्रेस के सेक्टर प्रभारी की कार

अशोकनगर के दतिया जिपं सदस्य अशोक दांगी की कार शनिवार रात ग्राम प्यासी के पास अचानक धूं-धूंकर जल उठी। हादसे में पूरी कार जल गई। गनीमत रही कि वे समय रहते कार से उतरकर जान बचाई। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस द्वारा उन्हें मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के लिए बंगला चौराहा सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया गया और वे पोलिंग एजेंटों को प्यासी में छोड़ते हुए लौट रहे थे। अशोक दांगी ने बताया कि धुआं देखकर वे आनन-फानन में कार से उतरे। बोनट खोलकर जैसे ही देखना चाहा तो एक दम से आग की लपट उठी और हड़बड़ाहट में वे पीछे हटे।

जिससे उनके हाथ से मोबाइल गिर गया। आग निकलती देख वे भाग कर कार से दूर हुए। एक-डेढ़ घंटे बाद मोबाइल ढूंढकर उससे डायल 100 और अपने एक साथी संजीव को फोन लगाया। जिसके बाद दूसरा वाहन उन्हें लेने पहुंचा। सुबह थाने पहुंचकर उन्होंने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। हादसे के समय अशोक दांगी कार में अकेले थे और खुद कार चला रहे थे। आग लगने से कार अंदर-बाहर से पूरी तरह जलकर खाक हो गई। उसके टायर, सीट, हेडलाइट, बोनट आदि सब कुछ जल गया। सभी कांच भी फूट गए। केवल धातु से बना ढांचा ही शेष बचा। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो