डीजल-पेट्रोल की समस्या: शहर के कई पेट्रोल पंपों पर नहीं मिला पेट्रोल-डीजल, तो भटकते रहे लोग
डीलरों ने एडवांस दिया पैसा लेकिन समय पर नहीं सप्लाई, तो ड्राई हो रहे पेट्रोल पंप
अशोकनगर
Published: June 13, 2022 09:30:41 pm
अशोकनगर. डीलरों ने तो पैसा एडवांस जमा करा दिया, लेकिन समय पर डीजल-पेट्रोल सप्लाई नहीं हो रहा है। नतीजतन जिले के कई पेट्रोल पंप ड्राई हो गए। स्थिति यह है कि पेट्रोल पंपों पर पहुंचे वाहन चालकों को डीजल-पेट्रोल नहीं मिला, इससे वाहन चालक एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप पर भटकते रहे।
शहर के उरभि पेट्रोल पंप, कोतवाली के पास स्थित अग्रवाल पेट्रोल पंप और रिलायंस पेट्रोल पर सोमवार को लोगों को डीजल-पेट्रोल नहीं मिला। वहीं रिलायंस पेट्रोल पंप पर भी दो दिन से डीजल-पेट्रोल नहीं मिल रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों ने इसका कारण डीजल-पेट्रोल न होना बताया है। उनका कहना है कि डीजल-पेट्रोल के लिए डीलर एडवांस पैसा जमा करते हैं और इसके बाद डिपो पर गाड़ी भेजते हैं, लेकिन वहां से समय पर डीजल-पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। वहीं कंपनियों से पर्याप्त मात्रा में भी डीजल-पेट्रोल नहीं मिल रहा है। इससे कई पेट्रोल पंप ड्राई हो चुके हैं।
खेती का सीजन तो परेशान होते दिखे किसान-
खरीफ फसलों के लिए खेतों को तैयार करने किसानों को डीजल की जरूरत है, लेकिन सोमवार को कई पेट्रोल पंपों पर डीजल नहीं मिला। इससे पेट्रोल पंपों से किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। किसानों ने कहा कि समय पर डीजल न मिलने से वह खेतों की तैयारी कैसे कर पाएंगे। वहीं यही स्थिति पेट्रोल की भी है, जहां दोपहिया व चार पहिया वाहन पेट्रोल लेने पहुंचे लेकिन पेट्रोल नहीं मिला तो वाहन चालक एक पेट्रोल पंप से दूसरे पेट्रोल पंप पर भटकते नजर आए।
कारण: पेट्रोल कंपनियों को घाटा, समय भी घटाया-
पेट्रोल पंप डीलरों का कहना है कि एक्ससाइज ड्यूटी घटने से डीजल कंपनियां 12 रुपए पेट्रोल पर और 14 रुपए डीजल पर घाटा लगना बता रही हैं। इससे पेट्रोल पंपों की गाडिय़ां डिपो पर खड़ी हैं, यदि कहीं चार गाड़ी की जरूरत है तो एक गाड़ी ही मिल पा रही हैं। साथ ही पेट्रोल कंपनियों ने पेट्रोल पंपों का समय भी घटा दिया है और रात 9 बजे तक ही पेट्रोल पंपों से डीजल-पेट्रोल देने के निर्देश दिए हैं।
यह भी खास-
- 24 पेट्रोल पंप हैं जिले में
- 1.20 लाख लीटर डीजल रोज बिकता है
- 50 हजार लीटर पेट्रोल रोज बिकता है
- 12 गाड़ी डीजल की रोज जरूरत
- 5 गाड़ी पेट्रोल की रोज जरूरत
इनका कहना है-
डीलरों ने पैसा एडवांस जमा करा दिया, लेकिन माल नहीं मिल पा रहा है। पांच-छह दिन से माल नहीं मिल रहा है, इससे सभी जगह यही स्थिति बन रही है। जिन पेट्रोल पंपों पर पर पिछला स्टॉक है, सिर्फ वहीं पर डीजल-पेट्रोल मिल रहा है।
अनुज अग्रवाल, पेट्रोल पंप संचालक
शासन ने एक्साइज ड्यूटी घटा दी, लेकिन डीजल पहले ही पैसा देकर खरीद चुके थे इससे डीलरों को घाटा हुआ। पेट्रोलियम कंपनियों का कहना है कि उन्हें भी डीजल पर 25 रुपए व पेट्रोल पर 15 रुपए का घाटा हो रहा है। डीलरों को कंपनियों से समय पर डीजल-पेट्रोल न मिलने से पेट्रोल पंप ड्राई हो रहे हैं। अब कंपनियों ने रात 9 बजे तक पेट्रोल पंप संचालित करने का ऑर्डर निकाल दिया है।
सितेंद्र जैन, पेट्र्रोल पंप संचालक मुंगावली

diesel-petrol problem
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
