स्वतंत्रता दिवस: सात दिन चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, 1.77 लाख स्थानों पर फहराया जाएगा तिरंगा, जिसमें घर व दुकानें भी शामिल
-लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत हो और वह स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों व दुकानों पर राष्ट्रध्वज फहराएं
अशोकनगर
Published: July 12, 2022 09:46:47 pm
अशोकनगर. स्वतंत्रता दिवस पर इस बार हर घर व दुकानों सहित जिले में 1.77 लाख स्थानों पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन सात दिन अभियान चलाएगा। ताकि लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत हो और वह स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों व दुकानों पर राष्ट्रध्वज फहराएं।
इसके लिए कलेक्टर आर उमा महेश्वरी ने अधिकारियों की बैठक की और आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान चलाने के निर्देश दिए। यह अभियान 11 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान के दौरान सभी शासकीय, अशासकीय संस्थाओं, सार्वजनिक स्थलों, प्रतिष्ठानों एवं घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके लिए जिले में 1.77 लाख स्थानों पर ध्वज फहराने का लक्ष्य तय किया गया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ बीएस जाटव, जनजातीय कार्य विभाग जिला संयोजक एनएस रघुवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी नीरज शुक्ला, जिला शहरी विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी अरुण नामदेव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
लोगों को स्वयं क्रय करना होंगे राष्ट्रीय ध्वज-
कलेक्टर ने अधिकारियों को अभी से इस अभियान का क्रियान्वयन शुरु करने के निर्देश दिए हैं और कहा है कि संबंधित विभाग अभी से तैयारियां शुरु कर दें। कलेक्टर ने बताया कि उन्होंने निर्धारित लक्ष्य अनुसार राष्ट्रध्वज की मांग की है, लेकिन एक जगह से इतनी बड़ी संख्या में ध्वज मिलना संभव नहीं है। इससे लोगों को राष्ट्रीय ध्वज को स्वयं क्रय करना होगा। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर घर तिरंगा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

Independence day
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
