scriptबाइक-जीप सहित 150 से अधिक वाहनों की खरीदी, बरसे साढ़े चार करोड़ | More than 150 vehicles, including bike-jeeps, worth half a million | Patrika News

बाइक-जीप सहित 150 से अधिक वाहनों की खरीदी, बरसे साढ़े चार करोड़

locationअशोकनगरPublished: Oct 31, 2018 11:12:52 pm

Submitted by:

Praveen tamrakar

लंबे समय से सुनसान पड़ा बाजार पुष्य नक्षत्र पर दिनभर गुलजार रहा, जहां पर लोगों की मुख्य पसंद दोपहिया वाहन रखे

patrika news

Ashoknagar Women buying silver statues at the Jewelers shop.

अशोकनगर. लंबे समय से सुनसान पड़ा बाजार पुष्य नक्षत्र पर दिनभर गुलजार रहा, जहां पर लोगों की मुख्य पसंद दोपहिया वाहन रखे, वहीं चार पहिया और ट्रैक्टरों की भी खरीदारी हुई। वाहन शोरूम संचालकों के मुताबिक दिनभर में करीब ढ़ाई करोड़ रुपए के वाहनों की बिक्री हुई, तो वहीं कपड़ा, ज्वेलरी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। इससे बाजार में दिनभर करीब साढ़े चार करोड़ रुपए की खरीदारी हुई। वाहनों में किसानों ने टै्रक्टर तो युवाओं ने इलेक्ट्रॉनिक्स में सबसे ज्यादा बिक्री मोबाइल फोन की हुई। वहीं दुकानदारों को धनतेरस पर इससे भी ज्यादा खरीदी की संभावना है।

दीपावली से ठीक पहले के पुष्य नक्षत्र को खरीदी के लिए विशेष शुभ माना जाता है, लेकिन इस बार अहोई अष्टमी और बुधवार का संयोग होने से पुष्य नक्षत्र पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। दुकानदारों के मुताबिक इस बार 120 दोपहिया वाहन, 25 ट्रैक्टर और जिले में पांच चार पहिया वाहन खरीदे गए। इससे दिनभर में वाहनों की खरीदारी पर लोगों ने दो करोड़ 60 लाख रुपए खर्च किए। इसके अलावा ज्वैलरी दुकानों पर भी सिक्कों सहित सोने-चांदी के आभूषण भी खरीदे गए और दुकानदारों के मुताबिक सराफा बाजार में बुधवार को 50 लाख रुपए की खरीदारी हुई। वहीं बर्तनों की दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ रही, जिन्होंने तांबे-पीतल के बर्तनों को ज्यादा पसंद किया और कपड़ा बाजार में भी दिनभर भीड़ भाड़ रही। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर फ्रिज, एलइडी टीवी, वाटर फ्यूरीफायर, वॉशिंग मशीन, म्यूजिकल सिस्टम सहित बड़ी संख्या में मोबाइलों की खरीदारी हुई। इसके अलावा दीपावली पर घरों को सजाने के लिए आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी की लाइटें भी खरीदी गई। दुकानदारों की मानें तो सराफा, कपड़ा, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स में करीब 50-50 लाख रुपए के सामान बुधवार को बिका। वहीं इसके अलावा अन्य दुकानों में भी लोगों ने बड़ी मात्रा में खरीदारी की।

चांदी के सिक्के व प्रतिमाएं रहीं पसंद
पुष्य नक्षत्र के दौरान लोगों में धातु की खरीदी का विशेष महत्व रहता है। इसके लिए सराफा बाजार में चांदी के सिक्के और प्रतिमाएं लोगों की पहली पसंद रहीं। खरीदारी कर रही महिलाओं ने लक्ष्मी जी और गणेशजी के चित्र बने सिक्कों को खरीदा, तो वहीं लक्ष्मीजी और गणेशजी की चांदी की प्रतिमाओं की भी खरीदारी की। खरीदारी के दौरान महिलाओं ने बताया कि इस दिन धातु खरीदने का विशेष महत्व है और पूजा के लिए उन्होंने सिक्के और प्रतिमाओं को खरीदा गया है।

किराना दुकानों पर भी रही दिनभर भीड़-
दीपावली का त्योहार नजदीक होने की वजह से जहां पुष्य नक्षत्र पर नगद राशि प्राप्त करने के लिए मंडी में किसानों की भारी भीड़ रही, तो वहीं त्योहार के लिए घर का सामान खरीदने के लिए किराना दुकानों पर भी भारी भीड़ लगी। जहां से लोगों ने हजारों रुपए का किराने का सामान और अन्य सामग्री की खरीदी की। एक अनुमान के मुताबिक जिलेभर में बुधवार को एक करोड़ रुपए से अधिक राशि का किराने का सामान खरीदा गया।

धनतेरस पर दोगुनी बिक्री का अनुमान
पुष्य नक्षत्र पर तो जहां शहर में जमकर खरीदारी हुई ही, वहीं दुकानदारों को धनतेरस पर इससे भी कई गुना खरीदी होने का अनुमान है। अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि पुष्य नक्षत्र पर ही लोगों ने धनतेरस पर खरीदने के लिए करीब 200 बाइक की बुकिंग की। इसके अलावा लोग ट्रैक्टर शोरूमों और चार पहिया वाहनों के शोरूमों पर भी बुकिंग कराने के लिए घूमते रहे। धनतेरस के लिए भी दुकानदारों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए वाहनों के अलावा अन्य दुकानों पर भी दुकानदारों ने धनतेरस व दीपावली के लिए विशेष छूट प्लान घोषित किए हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो