अशोकनगर

अवैध होर्डिंग्स से मुक्त हुई राष्ट्रपिता की प्रतिमा, हटाए गए होर्डिंग्स

शहर में अवैध होर्डिंग्स का कब्जा,- शहरवासियों की मांग, शहर में लगे एफओबी पर लगे होर्डिंग्स भी हटाएं ताकि खत्म हो सके वाहन चालकों की परेशानी।

अशोकनगरFeb 25, 2019 / 12:52 pm

Arvind jain

अवैध होर्डिंग्स से मुक्त हुई राष्ट्रपिता की प्रतिमा, हटाए गए होर्डिंग्स

अशोकनगर. चारों तरफ से ढंकी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा सुबह ही अवैध होर्डिंग्स से मुक्त हो गई। इससे लोगों को गांधी पार्क का नजारा बदला सा नजर आया। इससे शहरवासियों ने मांग की है कि एफओबी सहित शहर की अन्य सड़कों पर भी लगी होर्डिंग्स को हटवाया जाए, ताकि वाहन चालकों की परेशानी खत्म हो सके।


शहर के हृदय स्थल गांधी पार्क को लोगों ने अवैध होर्डिंग्स से चारों तरफ से ढंक दिया था। इस पर पत्रिका ने रविवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित की और जिम्मेदारों का इस तरफ ध्यान आकर्षित कराया। इससे नपा ने रविवार को सुबह ही गांधी पार्क पर पहुंचकर इन अवैध होर्डिंग्स को हटवाया।

साथ ही शहर में अन्य जगहों पर लगे होर्डिंग्स पर भी नपा सीएमओ शमशाद पठान ने जल्दी ही कार्रवाई कर हटवाने की बात कही। सीएमओ का कहना है कि आचार संहिता लगने वाली है, इससे जल्दी ही शहर में लगे इन होर्डिंग्स को हटवाया जाएगा। साथ ही लोगों को मुख्य जगहों पर होर्डिंग्स न लगाने के लिए कहा जाएगा। वहीं शहरवासियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से इन अवैध होर्डिंग्स को हटाने की मांग प्रशासन से की।


नपा लिखवाएगी गांधीजी का तो रखें ध्यान-
सीएमओ का कहना है कि वह जल्दी ही गांधी पार्क पर लिखवाएंगे कि होर्डिंग्स लगाने के दौरान कम से कम राष्ट्रपिता का तो ख्याल रखा जाए कि उनकी प्रतिमा और पार्क को न ढंके। साथ ही होर्डिंग्स लगाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी लिखी जाएगी। ताकि लोग इस जगह पर होर्डिंग्स न लगा सकें।

Hindi News / Ashoknagar / अवैध होर्डिंग्स से मुक्त हुई राष्ट्रपिता की प्रतिमा, हटाए गए होर्डिंग्स

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.