पंचायत चुनाव: नौं सरपंच, दो जनपद सदस्य व 2116 पंच निविर्रोध,सिर्फ 681 सीटों पर होगा मतदान
52.39 फीसदी पंच पद रह गए इस बार खाली, कई पंचायतों में कोरम अधूरा।
अशोकनगर
Published: June 11, 2022 09:27:04 pm
अशोकनगर. इस बार जहां जांच के दौरान 391 नामांकन निरस्त हो गए थे तो वहीं 954 प्रत्याशियों ने अभ्यर्थिता वापस लेकर चुनावी मैदान छोड़ दिया। इससे जिले में नौं सरपंच, दो जनपद सदस्य और 2116 पंच निर्विरोध चुने गए। हालांकि नामांकन निरस्त होने व अभ्यर्थिता वापस लेने से 52.39 फीसदी पंच पद इस बार खाली रह गए। इससे जिले में अब सिर्फ 681 सीटों पर ही मतदान होगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 5427 जनप्रतिनिधि चुने जाना थे, लेकिन इनमें से 2127 प्रतिनिधि निर्विरोध चुन लिए गए हैं। जिनमें अशोकनगर जनपद की ग्राम पंचायत भौंराखाती, म्यापुर, नारायणपुर, ईसागढ़ जनपद की आनंदपुर, बख्तर, सिरनी, मुंगावली जनपद की बरवाह और चंदेरी जनपद पंचायत क्षेत्र की सिंहपुर चाल्दा ग्राम पंचायत में सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं अशोकनगर जनपद पंचायत के वार्ड 19 से निखिलप्रताप रघुवंशी और ईसागढ़ जनपद पंचायत के वार्ड 15 से जितेंद्रसिंह यादव को जनपद सदस्य निर्विरोध चुना गया है। हालांकि नामांकन फॉर्म न आने की वजह से इस बार अशोकनगर की ग्राम पंचायत मथनेर व ईसागढ़ की ग्राम पंचायत बायंगा में सरपंच पद खाली रह गया।
मतदान: 681 सीटों पर 2669 प्रत्याशी के लिए होगा मतदान-
निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इस बार सिर्फ 681 सीटों पर ही मतदान होगा, जिन पर 2669 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। जिले में 317 सरपंच पदों पर 1557 प्रत्याशी और 262 पंच पदों पर 530 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, इन पदों पर ग्रामीण मतदाता मतदान के माध्यम से चुनाव करेंगे। वहीं जिला पंचायत सदस्य के 11 पदों पर 84 प्रत्याशी और जिले की चारों जनपद पंचायतों में 91 सदस्य पदों पर मतदान होगा, जिन पर 498 प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं।
यहां प्रत्याशियों ने मंदिर पर बैठककर चुने गांव के सरपंच-
1. 20 साल से चल रही परंपरा इस बार भी रही कायम-
नारायणपुर ग्राम पंचायत में पिछले 20 साल से सरपंच निर्विरोध चुने जा रहे हैं। आनंद रघुवंशी ने बताया कि 850 मतदाता वाले इस गांव में 11 लोगों ने नामांकन फॉर्म भरे थे, मंदिर पर बैठक हुई तो सर्वसहमति से 10 ने नामांकन वापस ले लिए और रतिराम यादव को निर्विरोध सरपंच चुना। इससे पहले ऊषाबाई रघुवंशी, अंगूरीबाई और दो बार अशोक रघुवंशी निर्विरोध सरपंच रह चुके हैं।
2. पहली बार निर्विरोध चुना पंचायत में सरपंच-
ग्राम पंचायत धुर्रा में 1800 मतदाता है, जिसमें अमहेरा, पाटई व धुर्रा गांव है। सुनील रघुवंशी ने बताया कि पहली बार पंचायत में सरपंच निर्विरोध चुना गया है। चार प्रत्याशियों ने सरपंच पद पर नामांकन किया था, मंदिर पर सभी ने बैठककर फैसला लिया और तीन प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिए और मुन्नीबाई आदिवासी को निर्विरोध सरपंच चुन लिया गया।
यह प्रत्याशी चुनावी मैदान से बाहर-
पद निरस्त वापस
पंच 332 127
सरपंच 53 700
जनपद सदस्य 4 91
जिपं सदस्य 2 36
कुल 391 954
(निर्वाचन कार्यालय अनुसार।)
जिले में पंचायत चुनाव की स्थिति-
पद सीट खाली निर्विरोध चुनाव
पंच 4995 2617 2116 262
सरपंच 328 2 9 317
जनपद सदस्य 93 0 2 91
जिपं सदस्य 11 0 0 11
कुल 5427 2354 2127 681
(जानकारी निर्वाचन कार्यालय अनुसार।)
इन सीटों पर होगा मतदान-
पद सीट प्रत्याशी
पंच 262 530
सरपंच 317 1557
जनपद सदस्य 91 498
जिपं सदस्य 11 84
कुल 681 2669

Panchayat Election
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
