मंहगाई का विरोध: सिलेंडर को पहनाई माला व मिट्टी के चूल्हे पर बनाई रोटी, सड़क पर धरना भी दिया
युवक कांग्रेस ने जताया मंहगाई का विरोध, मंहगाई डायन गाने की धुन पर निकाली रैली।
अशोकनगर
Published: April 02, 2022 09:41:01 pm
अशोकनगर. बढ़ती मंहगाई के विरोध में युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर को सड़क पर रखकर माला पहनाई और मिट्टी के चूल्हे पर रोटी बनाकर विरोध जताया। साथ ही मंहगाई डायन खाय जात है गाने की धुन पर रैली निकाली और मंहगाई का विरोध जताया।
शहर के जिला अस्पताल चौराहा पर कांग्रेस ने मंहगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने मंहगाई के स्लोगन लिखी व कार्टून बनी तख्तियां हाथ में लेकर धरना दिया। इस दौरान गैस सिलेंडर को माला पहनाकर पूजा भी की। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और रैली निकाकर कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां गेट बंद थे तो गेट खुलवाकर कलेक्ट्रेट में अंगर गए और राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मंहगाई नहीं घटी तो युवक कांग्रेस पूरे देश में सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगी।
रोटी बेलने लगी होड़, एक बनी जिसे अधकच्ची वहीं छोड़ गए-
मंहगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए युवक कांग्रेस कार्यकर्ता मिट्टी का चूल्हा लेकर पहुंचे। जहां सड़क पर ही चूल्हा रखकर कागज जलाकर आग जलाई। इस दौरान पॉलिथिन में से गुथा हुआ आटा निकालकर बेलन से रोटी बनाई गई, जहां रोटी बेलने कार्यकर्ताओं में होड़ लग गई और एक कार्यकर्ता से बेलन लेकर दूसरे कार्यकर्ता ने उसी रोटी को बेला तो वहीं इसके बाद अन्य कार्यकर्ता व नेता रोटी बनाने के लिए बेलन लेते नजर आए। हालांकि प्रदर्शन के दौरान एक ही रोटी बनाई गई और उसे भी अधकच्ची सेंककर वहीं पर छोड़ गए।
सुरसा के मुंह की तरह बढ़ रही है मंहगाई-
युवक कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम दिए ज्ञापन में कहा कि देश में सुरसा के मुंह की तरह मंहगाई निरंतर बढ़ रही है। इससे देश व प्रदेश का आमजन त्रस्त है और जीवन यापन दूभर हो गया है। दिन-प्रतिदिन पेट्रोल-डीजल व गैस के दामों में बढ़ोत्तरी हो रही है, जो आम जन के लिए चिंता का कारण बन गई है। साथ ही कांग्रेस ने कहा कि बढ़ती मंहगाई से आमजन में आक्रोश है और उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि बढ़ाई जा रही मंहगाई को कम किया जाए।

मंहगाई का विरोध: सिलेंडर को पहनाई माला व मिट्टी के चूल्हे पर बनाई रोटी, सड़क पर धरना भी दिया
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
