scriptपहले कॉलोनी में चार पहिया वाहन से किए एंट्री, इस तरह चोरी कर ले गए कार | swift dzire Car Theft | Patrika News

पहले कॉलोनी में चार पहिया वाहन से किए एंट्री, इस तरह चोरी कर ले गए कार

locationअशोकनगरPublished: Oct 16, 2019 10:27:57 am

Submitted by:

Arvind jain

चोरों के हौसले बुलंद…सीसीटीवी में कैद हुई घटना, अपने साथ कार लेकर आए थे चोर-बाइकों के बाद अब घर के बाहर कारें भी नहीं सुरक्षित,

स्विफ्ट डिजायर से आए और पॉश कॉलोनी से ले उड़े स्विफ्ट डिजायर

स्विफ्ट डिजायर से आए और पॉश कॉलोनी से ले उड़े स्विफ्ट डिजायर

अशोकनगर। जिले में चोरों के हौसले बुलंदी पर हैं। आए दिन वाहन चोरी की वारदातें जिले में हो रही हैं। अब शहर की पॉश कॉलोनी से एक स्विफ्ट डिजायर कार चोर ले उड़े। खास बात यह है कि कार की चोरी करने के लिए चोर खुद स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे थे। यह सारी घटना सीसी टीवी में कैद हो गई।

 

देहात थाने के तहत लेक सिटी कॉलोनी में रहने वाले ब्रज किशोर शर्मा की कार क्रमांक एमपी 67 सी 1922 रोज की तरह घर के बाहर खड़ी थी। रात में 12.30 बजे से 1.02 बजे के बीच चोर बड़ी ही सफाई से फिल्मी अंदाज में कार को चोरी कर ले गए। वे एक कार से लेक सिटी कॉलोनी पहुंचे।

बिना चाबी के उन्होंने कार के गेट भी खोल लिए
कॉलोनी पहुंचते ही कार से दो लोग उतरे और ब्रजकिशोर शर्मा की कार के पीछे खड़े हो गए। इसके कुछ देर बाद 1.02 बजे कार की पिछली लाइटें जलीं और हल्के से गेट खुले। इसके बाद कार बेक होते हुए ईसागढ़ रोड की ओर निकल गई। इसके पीछे तुरंत ही चोरों की कार भी चल दी। चोरी के अंदाज से पता चलता है कि चोरों को इसमें महारत हासिल है। बिना चाबी के उन्होंने कार के गेट भी खोल लिए और उसे चालू भी कर लिया।

 

सुबह मिले टूटे कांच
सुबह करीब 6.30 बजे जब ब्रज किशोर शर्मा उठे तो बाहर उन्हें अपनी कार नहीं दिखी। इसके बाद उन्होंने सीसी टीवी फुटेज देखी तो चोरी की घटना का पता चला। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर कार खड़ी थी, वहां टूटे हुए कांच मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर कार के कांच तोड़कर उसमें दाखिल हुए। उन्होंने बिना चाबी के कार चालू होने पर हैरानी जताई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

 

टोल के कैमरे में कैद हुई दूसरी कार
चोर जिस कार से चोरी करने आए थे, वह कार ईसागढ़ रोड पर टोल नाके कैमरे में कैद हो गई। चोरी गई कार के ठीक पीछे चल रही कार का नंबर यूपी 80 डीडी 1835 है। इसकी जानकारी निकालने पर यह अंजना सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड पाई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

बढ़ गई चोरी की घटनाएं
जिले में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। अकेले कोतवाली व देहात थाने में ही 01 अगस्त से अभी तक 13 मोटर साईकिल व एक स्कूटर चोरी हो चुके हैं। हाल ही में 7 अक्टूबर को प्रोसेशन रोड निवासी सचिन भारिल्ल की बाइक दिन दहाड़े उनके घर के सामने से चोरी हो गई। उसी दिन सुबह करीब 10 बजे कचनार रोड पर मंदिर के बाहर से एक बाइक चोरी हुई। रेलवे फाटक के पास से मुकेश रजक की बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो