भयानक हादसा: घाटी पर पलटा पिकअप तो सड़क पर जा गिरे लोग, एक की मौत व चार गंभीर घायल
25 लोगों को भरकर जा रहा था पिकअप वाहन, घाटी के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा।
अशोकनगर
Published: April 09, 2022 09:47:58 pm
अशोकनगर/चंदेरी. 25 लोगों को भरकर जा रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर घाटी के मोड़ पर पलट गया। घटना इतनी भयानक थी कि सभी लोग दूर सड़क पर जा गिरे, इस घटना में एक महिला की मौत हो गई और चार गंभीर घायलों को भोपाल रैफर किया गया है। साथ ही अन्य लोग भी घायल हैं।
घटना चंदेरी से तीन किमी दूर प्राणपुर घाटी की है। उप्र के तालबेंहट के सेरवास गांव के लोग फसलों की कटाई करने भोरासा गांव गए हुए थे, जहां से वह पिकअप वाहन से वापस अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे पिकअप वाहन प्राणपुर में घाटी पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप में 25 लोग बैठे थे, जिनमें 11 बच्चे व महिला-पुरुष थे। इस घटना में 54 वर्षीय द्रोबाई पत्नी गनपत आदिवासी की मौत हो गई और 10 वर्षीय सिब्बू पुत्र राजू, 20 वर्षीय कृष्ण पुत्र रत्ना, 52 वर्षीय सुखना पुत्र हरदेव, 54 वर्षीय मनोहर पुत्र रम्मो गंभीर घायल हैं, जिन्हें भोपाल रैफर किया गया है। वहीं अन्य घायल सिविल अस्पताल चंदेरी में भर्ती हैं।
संकेतक न होना हादसों की मुख्य वजह-
प्राणपुर घाटी पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। चंदेरी से करीब तीन किमी दूर चंदेरी-ललितपुर मार्ग पर प्राणपुर घाटी है और यहां पर कई अंधे मोड़ हैं। लेकिन किसी भी मोड़ पर संकेतक नहीं लगे हैं, इससे वाहन चालकों को मोड़ की जानकारी नहीं मिल पाती है। सड़क का चौंडीकरण हुआ तो हादसों में कमी आई, लेकिन संकेतक नहीं लगाए गए। इससे सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलने पर चंदेरी विधायक के पुत्र विजयप्रतापसिंह चौहान अस्पताल पहुंचे और दो एंबुलेंसों से घायलों को भोपाल भिजवाया, वहीं तहसीलदार ने घायलों को इलाज के लिए 5 हजार रुपए की मदद की।
बड़ेरा में आरटीओ चैकपोस्ट, लेकिन नहीं होती जांच-
चंदेरी-ललितपुर मार्ग पर आरटीओ का बड़ेरा गांव एचएससीएल पर चैक पोस्ट बना हुआ हे। चैकपोस्ट प्राणपुर के नाम से स्वीकृत है, लेकिन इसे बड़ेरा गांव में संचालित किया जा रहा है। फिर भी चैक पोस्ट द्वारा वाहनों की जांच नहीं की जा रही है, नतीजतन लोडिंग वाहन सवारियां भरकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। यदि सवारी ढ़ो रहे लोडिंग वाहनों की जांच कर कार्रवाई की जाती तो शायद यह सड़क दुर्घटना नहीं होती।

terrible road accident
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
