मामला नगरीय निकाय चुनाव का है। शनिवार को स्वर्णकार समाज ने शहर में प्रेस वार्ता की और समाज के लोगों को टिकट न दिए जाने पर राजनीतिक दलों पर नाराजगी जताई। समाज के जिलाध्यक्ष विनोद सोनी ने कहा कि चंदेरी, मुंगावली, ईसागढ़ व अशोकनगर सहित जिले के सभी नगरीय निकायों के लोगों ने टिकट मांगे थे, लेकिन किसी भी पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया और समाज की अनदेखी की गई।
जिले में समाज के हजारों मतदाता हैं, जो दोनों ही राजनीतिक दलों को वोट देते हैं। इससे इस बार स्वर्णकार समाज नगरीय निकायों में नोटा को वोट देगा और घर-घर जाकर नोटा का प्रचार भी किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इसके लिए समाज के लोगों के घरों में जाकर नोटा का प्रचार भी किया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान गौरी सोनी, संतोष सोनी, मनीष सोनी, अनिल सोनी, सौरभ सोनी और भानु सहित बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग मौजूद रहे।
गणेश और नीरज को भी किया नजरअंदाज
स्वर्णकार समाज के जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुंगावली में गणेश सोनी कांग्रेस के नेता हैं और शहर में नीरज सोनी भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे हैं। लेकिन दोनों राजनीतिक दलों ने इन दोनों पदाधिकारियों की भी अनदेखी की व टिकट नहीं दिया।
इसके अलावा शहर के वार्ड क्रमांक 11, 13 व वार्ड क्रमांक 17 से भी समाज के लोगों ने राजनीतिक दलों से पार्षद टिकिट की मांग की थी, लेकिन उन्हें भी टिकट नहीं दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस अनदेखी पर समाज में आक्रोश है, इसलिए समाज इस बार राजनीतिक दलों को वोट न देकर नोटा को वोट देगा।