scriptव्यापारियों की हड़ताल, 350 ट्रालियों की नीलामी जिनमें 50 फीसदी गेहूं,कीमत भी 200 रुपए तक रही कम | Traders strike strike | Patrika News

व्यापारियों की हड़ताल, 350 ट्रालियों की नीलामी जिनमें 50 फीसदी गेहूं,कीमत भी 200 रुपए तक रही कम

locationअशोकनगरPublished: May 17, 2022 09:35:05 pm

Submitted by:

Arvind jain

मंडी खरीद: दो दिन से मंडी में रुके किसानों की कराई नीलामी।

Traders strike strike

Traders strike strike



अशोकनगर. गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगने से व्यापारियों ने हड़ताल कर दी है, हालांकि दो दिन से अनाज लेकर रुके किसानों के अनाज की मंडी ने नीलामी कराई। लेकिन गेहूं की कीमत आम दिनों की तुलना में 200 रुपए तक कम रही, इससे कई किसान तो अपना अनाज लेकर वापस चले गए। तो वहीं बड़ी संख्या में आए किसानों को मंडी में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
मंडी में करीब 350 किसान अपने अनाज के साथ दो दिन से रुके हुए थे, व्यापारियों ने हड़ताल कर दी तो एसडीएम डॉ.नेहा जैन ने रात में अधिकारियों के साथ बैठक की और मंडी में रुके हुए किसानों के अनाज की खरीद करने के लिए उन्हें तैयार किया। इससे मंगलवार को उन किसानों का ही अनाज खरीदा गया। वहीं सुबह से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मंडी पहुंचे तो मंडी प्रबंधन ने गेट बंद कर दिए और उन्हें प्रवेश नहीं करना दिया। इससे मंडी गेट पर अनाज से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों की भीड़ लग गई और किसानों ने मंडी कार्यालय पहुंचकर नाराजगी जताई व हंगामा किया। साथ ही काफी देर तक किसानों ने मंडी कर्मचारियों से चिल्लाचौंहट की और मंडी में प्रवेश न देने पर नाराजगी जताई।
किसानों के समर्थन में पहुंचे कांग्रेस नेता, जताई नाराजगी-
ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक जैन के पुत्र व कांग्रेस शहर अध्यक्ष रितेश जैन भी कृषि मंडी पहुंचे और मंडी गेट पर खड़े किसानों का समर्थन किया। किसानों ने कहा कि जब अन्य किसानों की फसलों की नीलामी बोली लग रही है तो फिर मंगलवार को आए किसानों के अनाज को भी नीलामी में शामिल करें। लेकिन मंडी प्रबंधन ने शाम तक उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया। शाम को उन किसानों को मंडी में प्रवेश दिया गया।
व्यापारियों की हड़ताल, आज नहीं होगी मंडी में नीलामी-
गेहूं निर्यात पर प्रतिबंध लगाने के विरोध में व्यापारियों की दो दिवसीय हड़ताल है और इससे आज मंडी में अनाज की नीलामी बोली नहीं लगेगी। व्यापारियों का कहना है कि दो दिन की हड़ताल के बाद अनाज दलहन-तिलहन महासंघ समिति जो भी निर्णय लेगी, उस हिसाब से आगामी रूपरेखा तैयार होगी। हालांकि कृषि मंडी का कहना है कि जो भी किसान आज मंडी में अनाज लेकर पहुंच गए हैं, उनके अनाज की नीलामी बोली कल होगी और बुधवार को व्यापारियों की हड़ताल की वजह से नीलामी नहीं होगी।
स्पीक आउट-
मेरी मिनी सुजाता गेहूं की एक ट्राली 2700 रुपए क्विंटल व दूसरी 2780 रुपए क्विंटल बिकी। जबकि कुछ दिन पहले यह तीन हजार रुपए तक बिक रहा था। कीमत 200 से ढ़ाई सौ रुपए तक कम रहीं।
ओमप्रकाश रघुवंशी, किसान पचलाना
हर क्वालिटी के गेहूं पर 200 से 250 रुपए रेट कम रही। जो गेहूं दो हजार से 2700 रुपए तक बिक रहा था और शरबती व मिनी सुजाता गेहूं 2800 से तीन हजार रुपए तक था, लेकिन मंगलवार को सभी के रेट कम रहे। इससे कई किसान अपना गेहूं वापस ले गए।
वीरेंद्र रघुवंशी, किसान नेता
वर्जन-
350 ट्राली दो दिन से रुकी थीं जिनकी नीलामी कराई, जिनमें पौंने दो सौ ट्राली गेहूं की थी। मंगलवार को आए किसानों को प्रवेश नहीं दिया गया, क्योंकि व्यापारियों से दो दिन से रुके किसानों का अनाज खरीदने की ही सहमति बनी थी। 18 मई को व्यापारियों की हड़ताल की वजह से खरीद नहीं होगी।
भागीरथ अहिरवार, सचिव कृषि मंडी अशोकनगर

ट्रेंडिंग वीडियो