script

अनियंत्रित होकर 8 फिट गहरी खाई में लटकी यात्री बस, तो कांच तोड़ते हुए बाहर जा गिरीं सवारी

locationअशोकनगरPublished: Feb 23, 2019 11:44:17 am

Submitted by:

Arvind jain

यात्री वाहनों की रफ्तार पर नहीं लगाम फिर हुआ हादसा, अनियंत्रित होकर 8 फिट गहरी खाई में लटकी यात्री बस, तो कांच तोड़ते हुए बाहर जा गिरीं सवारी…

news

अनियंत्रित होकर 8 फिट गहरी खाई में लटकी यात्री बस, तो कांच तोड़ते हुए बाहर जा गिरीं सवारी

अशोकनगर. जिले में दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, फिर भी यात्री वाहनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रही है। सवारियों को भरकर ला रही तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से 10 फिट गहरी खाई में लटक गई। इससे अचानक से सवारियां उछलकर बस के आगे के कांच पर जाकर गिरीं, इससे कांच फूट गया और सवारियां नीचे जाकर गिरीं। हालांकि बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में करीब 17 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

घटना आरोन रोड पर शहर से करीब 12 किमी दूर तोंकली गांव का है। आरोन से सवारियां भरकर अशोकनगर आ रही दुर्गेश नंदनी ट्रेवल्स की यात्री बस अचानक सड़क पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित करीब आठ फिट गहरी खाई में लटक गई। इससे बस का पिछला हिस्सा सड़क पर और ड्राईवर वाला हिस्सा नीचे खाई में फंस गया।

बड़ी दुर्घटना हो सकती थी…

अचानक पीछे से बस ऊंची होने से सवारियां झटके के साथ ड्राईवर के सामने वाले कांच पर जाकर गिरीं और इससे बस का कांच फूट गया और सवारियां सीधे ही नीचे जा गिरीं तो ज्यादातर लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर कर बस में फंसकर रह गए। बस में सीटों और सवारियों से टकराने की वजह से और नीचे कांच के टुकड़ों पर गिरने से करीब 17 लोग घायल हो गए। जिन्हें 108 की मदद से तुरंत ही इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों द्वारा हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। साथ ही लोगों का यह भी कहना है कि यदि बस पलट जाती तो लोगों की जान जाने का भी डर था। इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

ग्रामीणों ने निकाला सवारियों को बाहर-
बस के खाई में गिरने की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर ग्रामीण पहुंच गए और उन्होंने वहां पर नीचे पड़े घायलों को उठाया। साथ ही बस में फंसे लोगों को भी बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना है कि बस के अंदर सवारियां अचानक उछलकर एक-दूसरे के ऊपर गिरने की वजह से फंसी हुई पड़ीं थीं। यदि बाहर निकालने में कुछ देर और हो जाती तो दम घुटने से कई लोगों की मौत भी हो सकती थी। बस में करीब 25 से 30 लोग बैठे हुए थे।

छुट्टी से पहले ही लौट रहे थे शिक्षक, वह भी घायल-
इस बस में कई स्कूली शिक्षक और अन्य शासकीय कर्मचारी भी थे। जो समय से पहले स्कूल और अपने ऑफिसों को बंद करके बस से वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हादसा होने की वजह से यह सरकारी कर्मचारी भी घायल हो गए। इससे शिक्षकों के समय से पहले स्कूल बंद करने के मामले का खुलासा हो गया। यात्री वाहनों की तेज रफ्तार से हमेशा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, चालक यात्रियों की जान जोखिम में डालकर वाहन दौड़ाते देखे जा सकते हैं। लेकिन इस पर जिम्मेदारों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।

घायलों ने बताया ऐसे हुआ हादसा-
बस में 25 से 30 सवारियां थीं और बस की रफ्तार तेज थी। अचानक बस हवा में उझली और फिर जोर का झटका लगा। इससे सभी एक-दूसरे पर जाकर गिर गए। इससे चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला।
किशोर एक्का, घायल शिक्षक


रोजाना बड़ी बस आती थी, लेकिन आज छोटी पीले रंग की बस आई थी। तेज गति होने की वजह से यह हादसा हुआ। बीच में बैठे थे और झटका लगने की वजह से फंस गए। अन्य सवारियां ऊपर गिर गईं, इससे लोगों को चोटें आई हैं।
अंजू माथुर, घायल कर्मचारी

ट्रेंडिंग वीडियो