नगरीय निकाय चुनाव: भाजपा एजेंट की तरह काम कर रहे नपा कर्मचारी,सीएमओ बोलीं हमारे कर्मचारी नहीं
राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत कर कांग्रेस ने लगाया नपा कर्मचारियों पर आरोप।
अशोकनगर
Published: June 09, 2022 09:28:31 pm
अशोकनगर. नगरीय निकाय चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप के दौर शुरु हो गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि नपा कर्मचारी भाजपा एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और वार्डों में सर्वे के नाम पर भाजपा का प्रचार कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस ने जिन छह लोगों की शिकायत की है, सीएमओ का कहना है कि वह छह नपा के पूर्व कर्मचारी हैं जो अब नपा में काम नहीं करते हैं।
मामला शहर के वार्ड क्रमांक दो का है। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विशाल रघुवंशी ने गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत की और कहा कि नपा के कर्मचारी वार्ड में भाजपा एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। कांग्रेस ने सचिन शर्मा, विशाल रघुवंशी, भूपेंद्र शर्मा, देवेंद्र पटवा, चंद्रप्रकाश तिवारी और मनन छाबड़ा को नपा कर्मचारी बताते हुए शिकायत की है। विशाल रघुवंशी का कहना है कि यह सर्वे के नाम पर वार्डों में जाते हैं और लोगों को आवास व अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने का लोभ देते हैं और भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं। साथ कलेक्टर व सीएमओ से भी यही शिकायत की गई है। जिसमें भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मनन छाबड़ा को भी नपा कर्मचारी बताया गया है।
नपा ने कहा दिसंबर तक ही थे हमारे कर्मचारी-
नपा का कहना है कि जिन छह लोगों को नपा का कर्मचारी बताया गया है, वह सभी लोग अब नपा के कर्मचारी नहीं है। दिसंबर महीने तक वह सभी नपा में काम करते थे और जनवरी से उनको हटा दिया गया है, इसके बाद से उन्हें वेतन भी नहीं दी गई है। साथ ही नपा का कहना है कि जब वह शासकीय कर्मचारी नहीं है तो अब यह उनका निजी मामला है, जिसमें नपा कोई भी हस्तक्षेप नहीं कर सकती है। बताया जा रहा है कि इस शिकायत पर कलेक्टर ने भी नाराजगी जताते हुए इन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे, लेकिन जब रिकॉर्ड देखा गया तो पता चला कि उन्हें हटाया जा चुका है।
वर्जन-
कांग्रेस हार की डर से बौखला गई है। अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि मुझे भी नपा का कर्मचारी बताया जा रहा है। जबकि मैं भाजपा का पदाधिकारी हूं, इसके बाद भी मुझे नगरपालिका का कर्मचारी बताकर झूठी शिकायतें की जा रही हैं।
मनन छाबड़ा, जिला महामंत्री भाजपा युवा मोर्चा
सुबह हमारे पास यह शिकायत आई थी, इससे हमने नोटिस भी तैयार करा लिए थे और नौकरी से हटाने की कार्रवाई करने की तैयारी थी। लेकिन स्थापना शाखा से जानकारी ली तो स्थापना शाखा ने बताया कि यह लोग सिर्फ दिसंबर तक ही नपा कर्मचारी रहे हैं। जनवरी से इनको हटा दिया गया है और तब से इन्हें कोई वेतन भी नहीं दी गई। अब वह नपा कर्मचारी नहीं है, इसलिए यह उनका निजी मामला है।
प्रियंकासिंह, सीएमओ नगरपालिका अशोकनगर

urban body elections
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
