अशोकनगर

44.5 डिग्री पर पारा, तेज आंधी से उड़े धूल के गुबार और शहर में तीन व ईसागढ़ में 30 मिनिट बारिश

नौतपा का चौथा दिन: सीजन का सबसे गर्म दिन, आसमान में बादल छाए और दिनभर चलीं गर्म हवाएं। – आंधी से टूटकर गिरे कई पेड़, शादी के टेंट भी उड़े तो भोजन छोड़कर टेंट पकडऩे जुट गए लोग। – लगातार छह घंटे तक 43 डिग्री से ऊपर रहा पारा, गर्म हवाओं से देर शाम तक परेशान रहे लोग।

अशोकनगरMay 29, 2019 / 11:09 am

Arvind jain

44.5 डिग्री पर पारा, तेज आंधी से उड़े धूल के गुबार और शहर में तीन व ईसागढ़ में 30 मिनिट बारिश

अशोकनगर. भट्टी की तरह रहे क्षेत्र में धूप और गर्म हवाओं से पारा 44.5 डिग्री पर पहुंच गया और मंगलवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। साथ ही दोपहर के समय अचानक आसमान में बादल छा गए और तेज आंधी के साथ शहर में करीब तीन मिनिट और ईसागढ़ में आधा घंटे तक बूंदाबांदी हुई। वहीं आंधी से कई पेड़ टूटकर धरासाई हो गए तो वहीं शादी कार्यक्रमों के टेंट भी उड़ गए। इससे लोग शादी में भोजन छोड़कर टेंट को उडऩे से बचाने में जुट गए।


मंगलवार को गर्मी का पारा बढ़कर 44.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से ही धूप की तपन शुरू हो गई और दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं। वहीं दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आसमान में अचानक घने बादल छा गए और शाम को करीब चार बजे तेज आधी के बूंदाबांदी हुई। बूंदाबांदी के आसमान में घने बादल छाए रहने और गर्म हवाएं चलने से मौसम में उमस बढ़ गई, इससे लोग देर रात तक उमस से परेशान रहे। साथ ही दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे लगातार छह घंटे तक तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा और लोग गर्मी से बेहाल नजर आए।

पेड़ टूटा तो भागकर बचे लोग, यहां खाना छोड़ पकड़ा टेंट-
अचानक तेज आंधी चलने से जहां शहर में धूल के गुबार उडऩा शुरू हो गए तो वहीं तहसील परिसर में यूकेलिप्टिस का पेड़ टूट जाने से वहां खड़े लोग भागकर बचे। शहर के नगेश्री रोड पर शादी में भोजन का कार्यक्रम चल रहा था और लोग खाना खा रहे थे। लेकिन आंधी से टेंट उडऩे लगा, इससे लोगों को खाना बंद करके टेंट को पकड़कर खड़े हो गए और टेंट को उडऩे से बचाया। वहीं जिले में कई जगहों पर शादी के कार्यक्रमों के टेंट उड़ गए और टेंट के पाइप भी नीचे गिर गए, इससे लोग बाल-बाल बचे। रास्तों पर पेड़ टूटकर गिर जाने से कई रास्ते भी बंद हो गए और पेड़ हटाने के बाद ही लोग वहां से निकल सके।


बिजली गायब हुई तो बढ़ गई समस्या-
आंधी चलने के साथ ही अचानक बिजली गुल हो गई और लंबे समय तक बिजली बंद रही। वहीं इसके अलावा दिन में कई बार बिजली बंद हुई। इससे उमस और भीषण गर्मी के बीच लोगों की परेशानी और बढ़ गई और राहत पाने के लिए कूलर-पंखे भी नहीं चल सके।


ऐसा क्यों: नमी और गर्म हवाओं से बढ़ा तापमान-
1. हवा का चक्रवात: दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। हीटिंग अच्छी होने के साथ मौसम में नमी आ जाने से बादल बन रहे हैं और बादल छा जाने से मौसम में उमस बढऩे से लोग गर्मी से परेशान हैं।
2. प्री-मानसून: मौसम विशेषज्ञ आरआर त्रिपाठी के मुताबिक प्री-मानसून सीजन चल रहा है। जिसमें अचानक बादल छाने के साथ शाम के समय गरज-चमक के समय बूंदाबांदी हो जाती है। बढ़ता तापमान इसका कारण है।
3. गर्म हवाएं: पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, इससे राजस्थान से गर्म हवाएं आ रही है और पूरे दिनभर 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चलीं। नौतपा होने से सूर्य की किरणें सीधी धरती पर पड़ रही हैं, दोनों कारणों से तापमान बढ़ा है।

 

लगातार बढ़ रहा है तापमान-
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
28 मई 44.5 27.0
27 मई 44.2 27.2
26 मई 42.6 26.6
25 मई 41.2 27.7
24 मई 42.2 29.4
23 मई 42.8 27.8
22 मई 43.6 26.7
(तापमान डिग्री सेल्सियस में।)

Home / Ashoknagar / 44.5 डिग्री पर पारा, तेज आंधी से उड़े धूल के गुबार और शहर में तीन व ईसागढ़ में 30 मिनिट बारिश

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.