एशिया

संघर्षविराम की घोषणा से पूर्व यमन में 80 की मौत

सऊदी अरब ने रविवार से यमन में मानवीय आधार पर पांच दिन के संघर्षविराम की घोषणा की है

Jul 26, 2015 / 10:32 pm

भूप सिंह

Ceasefire in yemen

सना। सऊदी अरब ने रविवार से यमन में मानवीय आधार पर पांच दिन के संघर्षविराम की घोषणा की है। इस घोषणा से पहले सऊदी अरब के हवाई हमलों में 80 लोगों की मौत हो गई। कम से कम 150 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में कई की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है। सबा संवाद समिति के अनुसार हमले मोखा क्षेत्र में किए गए जहां एक विद्युत केंद्र के इंजीनियर, क र्मचारी और कुछ विस्थापित रहते हैं।

इस हमले के कुछ घंटों बाद यमन के निर्वासित राष्ट्रपति अब्द मंसूर हादी की अपील पर संघर्षविराम का एलान किया गया। इससे पहले दो बार संघर्षविराम तय समय से ही पहले ही टूट चुका है।

सऊदी अरब की सरकारी समाचार समिति ने बताया कि रविवार को स्थानीय समयानुसार 11 बजकर 59 मिनट पर हवाई हमले रोक दिए जाएंगे ताकि यमन में मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके।

साथ ही अरब गठबंधन सेना ने कहा कि अगर ईरान के नेतृत्व वाले हाउती विद्रोहियों ने युद्ध विराम का उल्लंघन किया तो वह उसका जवाब देंगे। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में शरणार्थी के तौर पर रह रहे यमन के राष्ट्रपति अब्द रब्बू मंसूर हादी के आग्रह पर यह निर्णय लिया गया है।

हादी के समर्थकों ने चार महीनों के संघर्ष के बाद अदन शहर को हाउती विद्रोहियों के कब्जे से वापस ले लिया। हादी मानवीय और चिकित्सीय सहायता के लिए युद्ध विराम चाहते है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार यमन में मार्च में गठबंधन सेनाओं के हवाई हमले शुरू होने के बाद अब तक 3200 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

Home / world / Asia / संघर्षविराम की घोषणा से पूर्व यमन में 80 की मौत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.