scriptआबे से मिले पीएम मोदी, कहाः भारत-जापान गठजोड़ होगा बेहद कारगर | ASEAN: PM Modi Meets Japani Counter Part Shinjo Abe In Laos | Patrika News
एशिया

आबे से मिले पीएम मोदी, कहाः भारत-जापान गठजोड़ होगा बेहद कारगर

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि करीब 45 मिनट चली
बैठक के दौरान आबे ने कहा कि जापान आतंकवाद के समक्ष नहीं झुकेगा

Sep 08, 2016 / 11:33 am

Abhishek Tiwari

PM Modi Meets Shinjo Abe In Laos

PM Modi Meets Shinjo Abe In Laos

लाओस। भारत और जापान ने आज परमाणु क्षेत्र में सहयोग, कारोबार एवं निवेश तथा आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। इन विषयोें पर प्रधानमंत्री मोदी और उनके जापानी समकक्ष शिंजो आबे के बीच बातचीत हुई।

पीएम ने बांग्लादेश आतंकी हमले में जापानी नागरिक के मारे जाने पर जताया शोक

प्रधानमंत्री मोदी ने यहां नेशनल कंवेशन सेंटर में बातचीत के दौरान आबे के समक्ष हाल ही में बांग्लादेश में हुए आतंकी हमले में जापानी नागरिक के मारे जाने पर शोक प्रकट किया। बांग्लादेश में इस आतंकी हमले में 22 लोग मारे गए जब इस्लामी आतंकवादियोें ने एक कैफे पर हमला कर दिया जहां विदेशी नागरिक मौजूद थे।

कारोबार और निवेश संबंधों को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि करीब 45 मिनट चली बैठक के दौरान आबे ने कहा कि जापान आतंकवाद के समक्ष नहीं झुकेगा, साथ ही आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ सहयोग को और मजबूत बनाने की इच्छा व्यक्त की। दोनों नेताओं ने कारोबार एवं निवेश संबंधों को और विविधतापूर्ण एवं मजबूत बनाने पर चर्चा की। स्वरूप ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापान के पास प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष है जबकि भारत के पास युवाशक्ति और वृहद बाजार है।

हाई स्पीड रेल परियोजना पर भी हुई चर्चा
आबे के साथ बैठक के दौरान मोदी ने कहा कि और भारत-जापान गठजोड़ वैश्विक उत्पाद उत्पन्न कर सकता है और यह दोनों के लिए समान अवसर प्रदान करने वाला होगा। दोनों नेताओं ने भारत में बनाये जाने वाले औद्योगिक पार्क और जहाज तोड़ने के क्षेत्र में सहयोग के बारे में चर्चा की। स्वरूप ने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-जापान असैन्य परमाणु सहयोग समझौता वार्ता की प्रगति और हाई स्पीड रेल परियोजना के बारे में चर्चा की। मोदी ने आधारभूत संरचना के विकास, प्रौद्योगिकी उन्नयन और कौशल निर्माण के क्षेत्र में जापान के सतत समर्थन की सराहना क।

2017 जापान-भारत सांस्कृतिक समझौते की 60वीं वर्षगांठ

प्रधानमंत्री आबे ने याद दिलाया कि 2017 में जापान-भारत सांस्कृतिक समझौते की 60वीं वर्षगांठ है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि जापान में अधिक संख्या में भारतीय पर्यटक आयेंगे। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय मुद्दों और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के बारे में चर्चा की। आबे ने कहा कि वे वार्षिक शिखर सम्मेलन में मोदी के जापान आने को लेकर आशन्वित हैं।

पिछले छह महीने में हुई दूसरी मुलाकात

पिछले छह महीने से भी कम समय में मोदी की आबे से यह दूसरी मुलाकात है। मोदी और आबे की भेंट अप्रैल में वॉशिंगटन में परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन की पृष्ठभूमि में भी हुई थी। इससे पहले जापानी समाचार एजेंसी क्योदो ने बताया था कि दोनों नेताओं के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग के बारे में भी चर्चा होने की संभावना है। जून में जापानी नौवहन आत्मरक्षा बल और भारत एवं अमेरिका की नौसेनाओं ने मालाबार संयुक्त नौवहन अभ्यास किया था और जापान एव भारत के रक्षा मंत्रियों ने अगले वर्ष जुलाई में भी ऐसा अभ्यास करने पर सहमति व्यक्त की थी।

Home / world / Asia / आबे से मिले पीएम मोदी, कहाः भारत-जापान गठजोड़ होगा बेहद कारगर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो