एशिया

एक हफ्ते से टोक्यो एयरपोर्ट पर रखा है भारतीय का शव, घर पर बेटी पूछ रही है- पापा कब आएंगे

मृतक विजय पाल का शव पिछले 6 दिनों से टोक्यो एयरपोर्ट पर रखा हुआ है

नई दिल्लीOct 19, 2018 / 12:29 pm

Siddharth Priyadarshi

एक हफ्ते से टोक्यो एयरपोर्ट पर रखा है भारतीय का शव, घर पर बेटी पूछ रही है- पापा कब आएंगे

नई दिल्ली। भारत के एक नागरिक का शव टोक्यो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले 6 दिनों से रखा हुआ है। तमाम कोशिशों की बाद भी उसे भारत वापस नहीं लगा जा सका है। इस बीच उनकी चार वर्षीय बेटी ने अब घर वालों का जीना मुहाल किया हुआ है। वह बार-बार अपने पिता की वापसी के बारे में पूछकर रो रही है। उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले पेशे से इंजीनियर 37 वर्षीय विजय कुमार पाल की नई दिल्ली से अमरीका जाते समय विमान में ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। विजय कुमार पाल अमरीका के सैन फ्रांसिस्को में जीई ऑयल एंड गैस कम्पनी की वार्षिक बैठक में हिस्सा लेने जा रहे थे। मृतक के परिवार वालों ने शव को जल्द भारत पहुंचाने के लिए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को से मदद की गुहार लगाई है।

अमरीका: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगाई सऊदी पत्रकार की मौत पर मुहर, कहा- अगले कदम की घोषणा जल्द

6 दिन से टोक्यो एयरपोर्ट पर है शव

मृतक विजय पाल का शव पिछले 6 दिनों से टोक्यो एयरपोर्ट पर रखा हुआ है। इस संबंध में एयरपोर्ट के आधिकारियों का कहना है कि उन्हें मृतक की नागरिकता और उसकी मौत के कारणों के बारे में कुछ जरूरी कागज़ातों का इंतजार है जो अभी तक उन्हें प्राप्त नहीं हुए हैं। एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जापान सरकार ने मृतक का मृत्यृ प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। शव को मुर्दों की देखभाल करने वाली एक एजेंसी को दे दिया गया है। गुरुवार शाम तक जापान में स्थित भारतीय उच्चायोग को शव को सौंपे जाने की उम्मीद थी।

कैसे हुई थी मौत

विजय कुमार पाल 13 अक्टूबर को एयर इंडिया के विमान एआई 137 से अमरीका के सैन फ्रांसिस्को जाते समय बीच रास्ते में हर्टअटैक आ गया। विमान की तत्काल टोक्यो एयरपोर्ट पर इमरजेन्सी लैंडिंग कराई गई। उन्हें टोक्यो के रेडक्रास मेडिकल सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुबई में आलीशान प्रॉपर्टी खरीदने वाले 7500 भारतीयों पर सख्त हुआ आयकर विभाग, शुरू हुई जांच

परेशान है परिवार

इस बीच विजय कुमार का परिवार उनकी डेड बॉडी को लाने के लिए परेशान है। परिवार वालों का कहना है कि वो दिल्ली स्थित जापान दूतावास के चक्कर काटते-काटते थक गए हैं लेकिन अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। अधिकारी कागजी कार्रवाई का हवाला देकर समय लगने की बात कह रहे हैं। परिवार वाले प्रधानमंत्री से लेकर विदेश मंत्री तक को ट्वीट कर चुके हैं मगर उनका कहना है कि कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। विजय के परिवार में उनकी पत्नी और चार वर्ष की बच्ची के अलावा मां-बाप, दो भाई और दो बहनें हैं।

Home / world / Asia / एक हफ्ते से टोक्यो एयरपोर्ट पर रखा है भारतीय का शव, घर पर बेटी पूछ रही है- पापा कब आएंगे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.