एशिया

महिंदा राजपक्षे ने दिया राष्ट्रपति सिरीसेना को तगड़ा झटका, नई पार्टी से लड़ेंगे चुनाव

सिरीसेना की पार्टी एसएलएफपी से 50 साल पुराना रिश्ता तोड़कर महिंदा राजपक्षे अपने समर्थकों द्वारा बनाई गई श्रीलंका पीपुल्स पार्टी (एसएलपीपी) में शामिल हो गए हैं।

Nov 11, 2018 / 10:00 pm

mangal yadav

कोलंबोः श्रीलंका में जारी संवैधानिक संकट के बीच पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना का साथ छोड़ दिया है। सिरीसेना की पार्टी एसएलएफपी से 50 साल पुराना रिश्ता तोड़कर महिंदा राजपक्षे अपने समर्थकों द्वारा बनाई गई श्रीलंका पीपुल्स पार्टी (एसएलपीपी) में शामिल हो गए हैं। अब वे इसी पार्टी से आगामी संसदीय चुनाव लड़ेंगे। यह सियासी घटनाक्रम मैत्रीपाला सिरीसेना के लिए तगड़ा झटका माना जा रहा है। बता दें कि अभी हाल में ही श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला ने पूर्व राष्ट्रपति राजपक्षे को श्रीलंका का प्रधानमंत्री नियुक्त किया था। विवाद बढ़ने पर उन्होंने संसद को भंग कर दोबारा से चुनाव कराने का फैसला किया है।

संसद भंग होने पर संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने श्रीलंका के राष्ट्रपति द्वारा संसद भंग करने और पांच जनवरी, 2019 को चुनाव कराने पर चिंता व्यक्त की है। राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने शुक्रवार रात संसद भंग कर चुनाव कराने का आह्वान किया था। महासचिव के उपप्रवक्ता फरहान हक ने शनिवार को एक बयान में कहा, “गुटेरेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं व संस्थानों के सम्मान करने की अत्यधिक महत्व और कानून के शासन व उचित प्रक्रिया के मुताबिक मतभेदों को हल करने को रेखांकित किया है।” 14 नवंबर को संसद शुरू होने से पहले महिंदा राजपक्षे पर्याप्त समर्थन हासिल करने में नाकाम रहे, जिसके बाद सिरिसेना ने संसद को भंग कर दिया था।

Home / world / Asia / महिंदा राजपक्षे ने दिया राष्ट्रपति सिरीसेना को तगड़ा झटका, नई पार्टी से लड़ेंगे चुनाव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.