script

पुलवामा अटैक: पाकिस्तान ने खारिज किए भारत के आरोप, भारतीय राजनयिक को तलब कर जताया विरोध

locationनई दिल्लीPublished: Feb 16, 2019 07:49:49 am

भारत द्वारा इस मामले में पाकिस्तान के उच्चायुक्त को तलब किए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया

pulwama attack

पुलवामा अटैक: पाकिस्तान ने खारिज किए भारत के आरोप, भारतीय राजनयिक को तलब कर जताया विरोध

इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने शुक्रवार को एक बार फिर पुलवामा हमले में अपनी भूमिका से इंकार करते हुए कहा कि भारत उस पर बिना जांच के आरोप लगा रहा है। भारत द्वारा इस मामले में पाकिस्तान के उच्चायुक्त को तलब किए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया और पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले में भारत द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर अपना विरोध जताया। आपको बता दें कि पुलवामा हमले के बाद भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस ले लिया था। भारत ने पाकिस्तान को 1996 में यह दर्जा दिया था।

पाकिस्तान ने जताया विरोध

पाकिस्तान ने विस्फोट के पीछे भूमिका के बारे में भारत की ओर से लगाए गए आरोपों के प्रति अपना विरोध जताया। आपको बता दें कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को हुए आतंकवादी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 40 जवान शहीद हो गए थे। पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह जैश- ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। घटना के बाद भारत में जनाक्रोश उबाल पर है। शुक्रवार दोपहर भारतीय विदेश सचिव ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब किया। भारत ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त सोहेल महमूद से इस घटना के प्रति विरोध जताया और इसके दोषियों को दंडित करने की मांग की।

भारतीय उप उच्चायुक्त तलब

भारत द्वारा इस मामले में पाकिस्तान के उच्चायुक्त को तलब किए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया। आपको बता दें कि पाकिस्तान द्वारा भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब करने का यह कदम ऐसे समय में उठाया गया जब भारत ने सीआरपीएफ के जवानों की हत्या को लेकर पाकिस्तानी पक्ष को कड़ा डिमार्शे जारी किया। भारतीय विदेश सचिव विजय गोखले ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पाकिस्तान जैश ए मोहम्मद के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करे।इसके बाद पाक विदेश मंत्रालय ने भारतीय उप उच्चायुक्त को तलब किया और पुलवामा हमले पर भारत द्वारा लगाए जा रहे आरोप के प्रति अपना विरोध जताया। आपको बता दें कि पाक मीडिया में भारतीय उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय की बिल्डिंग से निकलते हुए दिखाने वाला एक वीडियो क्लिप खूब वायरल हो रहा है।

सफाई दे रहा है पाकिस्तान

पाकिस्तान अब इस घटना के बाद दुनिया के देशों के सामने इस मामले की सफाई देता फिर रहा है। आपको बता दें कि इस हमले के बाद दुनिया के कई देशों ने भारत के प्रति अपना समर्थन जताया है। इसे देखकर पाकिस्तान घबरा गया है। पाक विदेश कार्यालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने ट्वीट कर कहा कि पाकिस्तान की विदेश सचिव तहमीना जंजुआ ने शुक्रवार को अमरीका, रूस, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन के राजूदतों को पुलवामा हमले पर जानकारी दी और भारत के आरोपों को खारिज किया।

Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर.

ट्रेंडिंग वीडियो