scriptपाकिस्तान: सतलुज नदी में बड़ा हादसा, नाव पलटने से कम से कम 8 की मौत, तलाशी अभियान जारी | Pakistan: Major accident in Sutlej river, Several killed by boat overturn | Patrika News

पाकिस्तान: सतलुज नदी में बड़ा हादसा, नाव पलटने से कम से कम 8 की मौत, तलाशी अभियान जारी

locationनई दिल्लीPublished: Nov 18, 2019 08:15:28 pm

Submitted by:

Anil Kumar

ओकारा जिले के माल्हू शेखा इलाके के पास नदी पार करते समय हुआ हादसा
नाव में 40 यात्री सवार थे

pakistan.jpeg

इस्लामाबाद। पड़ोसी देश पाकिस्तान से एक दुखद खबर सामने आई है। सोमवार को पाकिस्तान के पूर्वी जिले ओकारा में सतलुज नदी में एक नाव पलटने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि अभी भी कई लापता हैं। नाव में 40 लोग सवार थे।

पुलिस ने इस घटना के संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब लोग ओकारा के माल्हू शेखा इलाके के पास नदी पार कर रहे थे। इसी बीच यह हादसा हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बचाव दल के अधिकारियों ने आठ शवों को नदी से बाहर निकाला है, जबकि अन्य की तलाशी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है क्योंकि अभी भी कई यात्री लापता हैं।

पीड़ित लोगों को अस्पताल में कराया जा रहा है भर्ती

पुलिस ने कहा कि कई यात्रियों को बचा लिया गया है और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। हालांकि बचाव अभियान में आस-पास के गांव वाले भी लगे हुए हैं।

आपको बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब पाकिस्तान में इस तरह की घटना सामने आई है। इससे पहले सिंधू नदी में नाव डूबने से आठ लोगों की मौत हो गई थी।

इस नाव में 50 लोग सवार थे, जो हरिपुर शहर जा रहे थे। यह नाव सिंधु नदी के किनारे पलट गई थी। पुलिस ने बताया था कि नाव पर क्षमता से अधिक जानवर और माल लदे हुए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ था।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो