कांग्रेसियों ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रदेश में योगी सरकार आते ही अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी होती जा रही है।

औरैया. प्रदेश में योगी सरकार आते ही अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी होती जा रही है। जनपद में भी लगातार दो दिन में दो मर्डर पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोल रहे है। उनके रवैया में कोई बदलाब नहीं है। कानून व्यवस्था को सही करने का दावा करने वाली सरकार अपराध नियंत्रण में फेल है। ये आरोप लगाते हुए कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी को राज्यपाल सम्बोधित ज्ञापन भेजा है। उन्होंने सरकार की जमकर आलोचना की। अभी भी चारों ओर लूट, डकैती, हत्याओं से जनता परेशान है। महंगाई बढ़ रही है। इसके अलावा जनपद में भी अपराध का ग्राफ बढ़ा है।
सदर तहसील परिसर में प्रदर्शन
इन समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के लोगों ने सदर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम सदर अमित राठौर को सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमलेश दीक्षित के नेतृत्व में सदर तहसील में धरना प्रदर्शन किया गया। इसमें जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में महंगाई चरम पर है। दवा, खाद्य पदार्थों, उत्पाद सामग्री सहित अन्य सामान पर भी महंगाई का असर है। इससे आम जनमानस परेशान है। इसके अलावा प्रदेश भर में सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खुद को किसानों का हितैषी बताती है। लेकिन जनपद के गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों से ही अवैध वसूली की जा रही है। तौलाई व लदाई के नाम पर गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों से 40 से 50 रुपये खुले आम लिये जा रहे हैं।
पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोत्तरी होती जा रही
वहीं रामू पेंटर ने धरने का संबोधित करते हुए कहा कि डीजल व पेट्रोल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोत्तरी होती जा रही है। जबकि कच्चे तेल की कीमत पहले की अपेक्षा कम हो गई है। कहा कि विद्युत बिल भी लोगों से कई गुना बढ़ाकर वसूला जा रहा है। नगर अध्यक्ष शरद अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश व जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। शेखर मिश्र, महेंद्र प्रताप, वैभव शुक्ला, मंगल सिंह, लाल सिंह, दीपक अग्रवाल मौजूद रहे।
ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रेमचंद्र पांडेय को सौंपा
उधर बिधूना में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप द्विवेदी ने सोमवार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार प्रेमचंद्र पांडेय को सौंपा। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि वर्तमान सरकार में महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है।
शिवम अग्निहोत्री को गोली मार कर हत्या कर दी
इनके अलावा बिधूना कोतवाली के समीप दिन दहाड़े छुन्नालाल अग्निहोत्री के पुत्र शिवम अग्निहोत्री को गोली मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा सकी। इसके अलावा पंडपुर निवासी अशोक कुमार गुप्त की हत्या कर दी गई। ज्ञापन देने वालों में ओंकार सिंह यादव, विनोद सेंगर, व्योमेश सिंह, डीपी सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
अब पाइए अपने शहर ( Auraiya News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज