अयोध्या. Ayodhya Ram Mandir: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए खरीदी गई जमीन में घोटाले के आरोप लगे हैं। यह आरोप अयोध्या के पूर्व सपा विधायक और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे और आप सांसद संजय सिंह ने लगाए हैं। वहीं, आरोप पर ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने सफाई देते हुए कहा है कि मंदिर निर्माण के लिए अभी तक जितनी भी जमीनें खरीदी गई हैं, उनकी कीमत खुले बाजार से काफी कम है। हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब राम मंदिर निर्माण को लेकर मिले चंदे पर कोई विवाद सामने आया है। 80 के दशक में जब राममंदिर निर्माण को लेकर पहला आंदोलन हुआ था तब चंदे की राशि में 1400 करोड़ की हेराफेरी का आरोप विश्व हिंदू परिषद पर लगा था। जबकि, कांग्रेस ने भी 600 करोड़ के चंदे की हेराफेरी की बात कही थी।