script

राम मंदिर निर्माण : मुस्लिमों ने भी खूब दिया दान, 2500 करोड़ से ज्यादा आया धन

locationअयोध्याPublished: Mar 07, 2021 04:06:56 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

– दक्षिण के राज्यों में तमिलनाडु से सबसे ज्यादा 85 करोड़, मिजोरम से 21 लाख- ट्रस्ट की वेबसाइट के माध्यम से रामभक्त अभी भी दे सकते हैं दान

ram_mandir.jpg
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
अयोध्या. राम मंदिर निर्माण के लिए 15 जनवरी से शुरू हुआ धन संग्रह अभियान 27 फरवरी को पूर्ण हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने रामलला के लिए 2500 करोड़ रुपए से अधिक का दान दिया। विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने प्रेसवार्ता में कहा कि अंतिम आंकड़े आने अभी शेष हैं, फिर भी चार फरवरी तक की प्राप्तियों के आधार पर कहा जा सकता है कि समर्पण राशि 2500 करोड़ को पार करेगी। इसी माह में देश के प्रत्येक जिले में जमा हुए दान का ऑडिट भी पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने कहाकि देश के प्रत्येक कोने में रामभक्तों ने समर्पण किया है। पूर्वोत्तर के राज्यों में अरुणाचल प्रदेश से 4.5 करोड़, मणिपुर से 2 करोड़, मिजोरम से 21 लाख, नागालैंड से 28 लाख व मेघालय से 85 लाख तथा दक्षिण के राज्यों में से तमिलनाडु से 85 करोड़ व केरल से 13 करोड़ समर्पण राशि जमा चुकी है। चंपत राय ने कहाकि इसमें मुस्लिम समाज का समर्पण भी उल्लेखनीय है।
चम्पत राय ने बताया कि हम चार लाख गांवों में समर्पण के अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल हुए हैं। नगरीय क्षेत्रों के सभी वार्डों में संपर्क हुआ है। हालांकि, परिवारों के आंकड़े आने अभी शेष हैं लेकिन, अनुमानत: 10 करोड़ परिवारों से हमारा संपर्क हुआ है तथा समाज के हर क्षेत्र से समर्पण प्राप्त हुआ है। इस दौरान अनेक ऐसे प्रसंग आए जिन्होंने अभियान में लगे कार्यकर्ताओं के मन-मस्तिष्क को भी द्रवित कर दिया। अनेक स्थानों पर जहां भिक्षुकों ने समर्पण किया वहीं, दैनिक मजदूर व खेतिहर किसानों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। मुस्लिम समाज का समर्पण भी उल्लेखनीय है। उन्होंने विदेशों में रहने वाले रामभक्तों से निवेदन है कि वे थोड़ी प्रतीक्षा और करें। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने पर आपको सूचित कर दिया जाएगा।
चंपत राय ने बताया कि इस विशाल अभियान में 1,75,000 टोलियों में लगभग 9 लाख कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर संपर्क किया। 38125 कार्यकर्ताओं के माध्यम से समर्पण निधि बैकों में जमा हुई। सम्पूर्ण अभियान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जहां देश भर में 49 नियंत्रण केंद्र बनाए गए वहीं, दिल्ली स्थित मुख्य केंद्र में दो चार्टर्ड एकाउंटेंटों के नेतृत्व में अकाउंटस की निगरानी के लिए 23 योग्य कार्यकर्ताओं ने सम्पूर्ण भारत से सतत संपर्क साधकर रखा। हैदराबाद की धनुषा इन्फोटेक कंपनी द्वारा बनाए गए एप ने कार्यकर्ताओं, बैंकों तथा न्यास के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य किया।
अभी भी दे सकते हैं राम मंदिर के लिए दान
चम्पत राय ने बताया कि धन संग्रह अभियान भले ही पूर्ण हो गया है, लेकिन जो राम भक्त इस दान देने से वंचित रह गए हैं, वे श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की वेबसाइट के माध्यम से अपना समर्पण जमा करा सकते हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो