script

अयोध्या में बोलीं प्रियंका गांधी- पांच साल तक बीजेपी ने सिर्फ सपने दिखाए, किया कुछ भी नहीं

locationअयोध्याPublished: Mar 29, 2019 07:25:17 pm

Submitted by:

Hariom Dwivedi

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने फैजाबाद से अयोध्या तक 47 किलोमीटर लंबा रोड शो किया…

Priyanka Gandhi vadra

पांच साल तक बीजेपी ने सिर्फ सपने दिखाए, किया कुछ भी नहीं प्रियंका गांधी

अयोध्या. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने यूपी दौरे के तीसरे और अंतिम फैजाबाद से अयोध्या तक 47 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। अयोध्या पहुंचकर उन्होंने हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कुमारगंज में प्रियंका गांधी ने ग्रामीणों से मुलाकात की। रोड शो के दौरान कई जगह कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, और करीब आधा दर्जन जगहों पर नुक्कड़ सभाएं की। आदिलपुर में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में गरीबों, किसानों और युवाओं की आवाज को दबाया जा रहा है। अगर कोई प्रदर्शन करता है तो उसे लाठियां मारी जाती हैं। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सबसे ज्यादा परेशान कारोबारी व व्यापारी हैं। बीते 5 साल में देश कर्ज में लगातार डूबता जा रहा है और देश के प्रधानमंत्री को कोई चिंता नहीं है। प्रियंका ने कहा कि मोदी सरकार का दिल काला है। सरकार सिर्फ उद्योगपतियों को अमीर बनाने में लगी है। यह लोग सिर्फ अमीरों के ही चौकीदार हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बीजेपी के लोगों में सुनने की शक्ति नहीं है। उन्होंने सिर्फ सपने दिखाए हैं, हकीकत में कुछ नहीं किया। पीएम मोदी के ‘मैं भी हूं चौकीदार’ अभियान पर सवाल उठाते हुए प्रियंका ने कहा कि चौकीदार तो अमीरों के घर होते हैं, गरीबों के नहीं। आपने इन नेताओं को बड़ा बनाया है। अब वोट सोच समझ कर दीजिए। यह परिवर्तन का समय है। अगर आप गलत व्यक्ति का चुनाव करेंगे तो इसका नुकसान आपको होगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने किसानों की मदद करने, युवाओं को रोजगार देने और सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की बात कही थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। नौजवान बेरोजगार हैं। सड़कों में अभी भी गड्ढे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की सिर्फ बातें लंबी चौड़ी हैं। उन्होंने अपने वादे को पूरा नहीं किये। वह पूरी दुनिया में घूम रहे हैं, लेकिन अभी तक देश के किसी गांव को नहीं देखा है। 15 लाख देने का वादा करने के बाद आज तक किसी के खाते में 15 लाख रुपए नहीं आये।
प्रियंका ने कहा कि हमारी सरकार ने मनरेगा योजना बनाई थी, उस समय बीजेपी के लोगों ने ही विरोध किया था। इस सरकार में भी 6-6 महीने का मनरेगा का पैसा रोक दिया गया। गरीबों से उनका रोजगार छीन लिया गया। प्रियंका ने कहा कि 72 हजार सालाना की योजना से गरीबों को मदद मिलेगी। उनके घर में भी 2 जून का चूल्हा जलेगा। कांग्रेस की सरकार गरीबों की मदद करने वाली सरकार है। बीजेपी के लोग उद्योगपतियों का कर्ज माफ करते हैं, लेकिन कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ किया है।

ट्रेंडिंग वीडियो