scriptExclusive: योगी सरकार का बजट, नहीं पेश हुआ अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा का प्रस्ताव | Yogi Adityanath government alot no budget for Lord Ram statue in Ayodh | Patrika News

Exclusive: योगी सरकार का बजट, नहीं पेश हुआ अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा का प्रस्ताव

locationअयोध्याPublished: Feb 07, 2019 06:18:32 pm

संतों ने पूछा सवाल क्या राम मंदिर की तरह भगवान राम की प्रतिमा बनाने के लिए भी चाहिए एक और कार्यकाल…

Yogi Adityanath government alot no budget for Lord Ram statue in Ayodh

Exclusive: योगी सरकार का बजट, नहीं पेश हुआ अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा का प्रस्ताव


अनूप कुमार
अयोध्या : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार को प्रदेश की राजधानी में वित्तीय वर्ष 2019- 2020 का बजट प्रस्तुत किया | इस वर्ष पेश किए गए बजट में 479701 करोड 10 लाख का बजट पेश किया गया | जो बीते वर्ष की अपेक्षा 12% अधिक है| वही इस बजट में शिक्षा, चिकित्सा ,स्वास्थ्य ,कृषि ,सुरक्षा ,पर्यटन सहित विकास की अन्य योजनाओं के लिए बजट में 21 हजार 212 करोड़ 95 लाख की नई योजनाओं को भी शामिल किया गया | लेकिन अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का सपना अभी तक पूरा ना कर पाने वाली केंद्र प्रदेश की बीजेपी सरकार ने इस बजट में भी रामलला के साथ धोखा ही किया | कुछ महीने पहले अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में हो रही देरी और इस मामले पर केंद्र और प्रदेश की बीजेपी सरकार द्वारा कोई कदम नहीं उठाये जाने को लेकर संतों और कट्टर हिन्दू मतदाताओं की नाराजगी के बाद प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दुनिया की सबसे बड़ी भगवान राम की प्रतिमा स्थापित करने की बात कहकर राम भक्तों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम तो किया | लेकिन जब वर्ष 2019 -20 का वित्तीय बजट पेश किया गया तो उस बजट में भगवान राम लला की प्रतिमा के निर्माण संबंधी बजट का कहीं जिक्र नहीं है | हालांकि अयोध्या में एयरपोर्ट के लिए 200 करोड़ की योजना और अयोध्या के प्रमुख पर्यटन स्थलों में समेकित विकास के लिए 101 करोड़ की व्यवस्था का प्रस्ताव दिया गया है | लेकिन अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा लगाने को लेकर बजट में कोई जिक्र ना होने से अयोध्या के साधु संतों का आक्रोश भड़क उठा है ।
अयोध्या के संतों में भारी नाराजगी बोले अपना वादा निभाएं सीएम योगी राम मंदिर नहीं तो कम से कम प्रतिमा बनवाए बीजेपी सरकार

अयोध्या के संत समिति के अध्यक्ष महंत कन्हैया दास ने कहा कि योगी सरकार द्वारा दिए गए बजट का मैं स्वागत करता हूं लेकिन भगवान राम की प्रतिमा को लेकर बजट में जिक्र नहीं किया गया यह गलत है | पूर्व में ही योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दुनिया की सबसे बड़ी भगवान राम की प्रतिमा लगाने की बात कही थी | मूर्ति लगाने के लिए भूमि अधिग्रहण व खर्च का जिक्र बजट में जरूर किया जाना चाहिए था | श्रीरामजन्मभूमि के अर्चक आचार्य सतेन्द्र दास ने कहा कि घोषणा की जा चुकी है इसीलिए बजट में इस योजना का जिक्र किया जाना चाहिए और इस योजना के लिए भी बजट पास होना चाहिए | अगर योगी सरकार भगवान श्री राम की प्रतिमा के लिए बजट पास नहीं करती है तो यही माना जायेगा कि राम मंदिर की तरह यह योजना भी सिर्फ एक सियासी वादा है |
संतों ने पूछा सवाल क्या राम मंदिर की तरह भगवान राम की प्रतिमा बनाने के लिए भी चाहिए एक और कार्यकाल

पत्रिका टीम से बात करते हुए वरिष्ठ संत करपात्री जी महाराज ने कहा कि भगवान राम की प्रतिमा लगाने की योजना भी बीजेपी सरकार की जुमला बाजी है | अभी तक राम मंदिर निर्माण की मांग पर कह रहे थे कि एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाइए तब राम मंदिर निर्माण होगा और अब अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा लगाए जाने की योजना भी 4 महीने बाद जब चुनाव हो जाएंगे तब धरातल पर दिखेगी | बीजेपी सरकार ने सिर्फ जुमला बाजी की है और ना सिर्फ राम भक्तों को ठगा है बल्कि भगवान राम के साथ भी धोखा किया है | अयोध्या में कभी मंदिर नहीं बनने वाला यह भाजपा के लोग बहुत स्वार्थी हैं | इन्हें मंदिर के नाम पर सिर्फ राजनीति करनी है अगर मंदिर बन जाएगा तो इनकी राजनीति खत्म हो जाएगी |
नारायणी सेना के रंगमकृष्ण महाराज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए भगवान श्री राम ने हमेशा सेतु का काम किया है | राम नाम का सहारा लेकर राजनीति रूपी भाव सागर और सत्ता रूपी कुर्सी को प्राप्त करने के लिए भगवान राम का सिर्फ प्रयोग किया गया | आज तक राम मंदिर की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया और अब अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा लगाने की योजना भी अधर में दिखाई दे रही है | लगता है कि अब अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा लगाने के लिए भी बीजेपी की सरकार एक और कार्यकाल मांगेगी | यह हिंदू समाज और साधु संतो के साथ धोखा है | बजट में अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा लगाने की योजना का प्रस्ताव भी दिया जाना चाहिए था |
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो