scriptआजमगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने के 11 महिलाओं सहित 13 झुलसे | 13 scorched including 11 women due to lightning in Azamgarh | Patrika News

आजमगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने के 11 महिलाओं सहित 13 झुलसे

locationआजमगढ़Published: Jul 02, 2022 02:53:50 pm

Submitted by:

Ranvijay Singh

आजमगढ़ जिले के आमगांव गांव में शनिवार को धान की रोपाई करते समय आकाशीय बिजली गिरने से 11 महिला और दो पुरुष झुलस गए। गंभीररूप से झुलसे लोगों को मार्टीनगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. जिले के मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमगांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से 11 महिला मजदूरों समेत 13 लोग झुलस गये। घटना के समय सभी मजदूर खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। बारिश होने पर सभी एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी समय हादसा हुआ और मजदूर झुलस गये। सभी घायल मजदूरों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टीनगंज में भर्ती कराया गया है।

मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत आमगांव निवासी जितेंद्र कश्यप के खेत में धान की रोपाई चल रही थी। उन्होंने बगल के गांव इमादपुर के दर्जनभर से अधिक मजदूरों को धान की रोपाई के लिए लगाया था। रोपाई के दौरान दिन में करीब 11 बजे बरसात शुरू हो गयी। बरसात तेज थी इसलिए मजदूर भीगने से बचने के लिए बरगद के पेड़ के नीचे चले गए।

इसी दौरान एकाएक आकाशीय बिजली गिरी और 13 मजदूर चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। झुलसे मजदूरों में सुशील, इन्द्रजीत, शारदा, शर्मिला, चंदा, सरित, चन्द्रकला, मूला देवी सुशीला, करिश्मा, रेशम, कलावती और प्यारी शामिल है। एक साथ इतने मजदूरों के झुलसने से अफरातफरी मच गयी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टीनगंज पहुंचाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आईएन तिवारी ने बताया कि आकाशिय बिजली की चपेट में में आने से 13 मजदूर झुलसे है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी को उपचार चल रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। उन्हें जल्द ही डिस्चार्ज किया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ दुर्घटना की जानकारी होने के बाद मजदूरों के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए है। अस्पताल में भी अफरा तफरी का माहौल दिखा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो