अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आजकल गर्मी निकालने की बात कर रहे हैं, उनकी भाप निकालना है। भाजपा नेता जितने बड़े होते है उतना ही बड़ा झूठ बोलते हैं। इस बार इन्हें सबक सिखाना है। उन्होंने जनता से पूछा कि बाबाजी इस बार वापस जा रहे हैं न। भीड़ ने हां में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आजकल एक गाना चल रहा है कि यूपी में का बा। मुख्यमंत्री कहते हैं कि हम परिवारवादी लोग हैं। तो एक बात हम परिवारवादी लोगों की इस बार जरूर मानना। हम लोग जब अपने घरों को शाम को जाते हैं तो बच्चों के लिए कुछ लेकर जाते हैं। ऐसे में इस बार जब बाबाजी गोरखपुर जाना तो अपने गुल्लू के लिए बिस्कुट जरूर ले जाना यह हम लोगों की सलाह है।
उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में इस बार धुआंधार वोट पड़ना चाहिए, जिससे धुआं उड़ाने वाले धुआं-धुआं हो जाएं। भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ, बड़े नेता बड़ा झूठ बोल रहे हैं। हम अपने सभी लोगों को कहने जा रहे हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अपने लोगों से निवेदन करने आया हूं। इस जिले ने हमेशा सपा का सम्मान बढ़ाया है। जितना लगाव यहां की जनता से है इतना कहीं से नहीं। हमने खुद आजमगढ़ को अपना घर माना है।
उन्होंने दावा किया कि इस बार हम आजमगढ़ की दसों सीट जीत रहे है। आजमगढ़ इस बार इतिहास रचने जा रहा है। यह चुनाव सरकार बनाने का है। सत्ता में आते ही पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के किनारे बड़ी-बड़ी मंडियां बनाईं जाएंगी ताकि किसानों को उनके फसल का सही दाम दिलाया जा सके। भाजपा सरकार ने किसानों को खाद, बीज नहीं उपलब्ध कराया। पेट्रोल-डीजल महंगा कर दिया, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हुई। वहीं छुट्टा मवेशियों के आतंक का शिकार भी किसान ही हुआ। भाजपा के लोग यदि पांच साल में काम किए होते तो उनके विधायकों को उठक-बैठक और तेल मालिश नहीं करना पड़ता।