scriptसशस्त्र बदमाशों ने तमंचा सटाकर सेल्समैन को लूटा | Armed criminals rob the salesmen in Azamgarh | Patrika News

सशस्त्र बदमाशों ने तमंचा सटाकर सेल्समैन को लूटा

locationआजमगढ़Published: Feb 09, 2018 10:03:31 pm

Submitted by:

Ashish Shukla

भाजपा नेता की गैस एजेंसी के सेल्समैन से दिनदहाड़े 65 हजार की लूट

loot

loot

आजमगढ़. गैस की सप्लाई कर लौट रहे सेल्समैन और पिकअप चालक को तमंचे से भयभीत कर बदमाशों ने शुक्रवार की शाम बरदह थाना क्षेत्र के हदिसा के पास 65 हजार रूपये नगदी व मोबाइल लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गये। इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय मंत्री विनोद राय की बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार में गैस एजेंसी है। एजेंसी पर तैनात सेल्समैन तौकीर पुत्र आरिफ निवासी जिवली व सकरामऊ निवासी पिकअप चालक बनरसी पुत्र भगेलू शुक्रवार को गोसाईगंज क्षेत्र में गैस सिलेंडर आपूर्ति के लिए गए थे। आपूर्ति के बाद शाम करीब 3.40 बजे वे वापस लौट रहे थे। अभी वे देवगांव जिवली मार्ग पर स्थित हदिसा गांव के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आये पल्सर सवार दो बदमाशों ने चालक को तमंचे से भयभीत कर पिकअप को रोकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा सटाकर चालक से बैग छीन लिया और जिधर से आये थे उसी दिशा में लौट गये। सेल्समैन के मुताबिक बैग में 65 हजार रूपया और एक मोबाइल था जिसे बदमाश अपने साथ ले गये। सेल्समैन की सूचना पर थानाध्यक्ष बरदह सुरेश चंद फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए घेरेबंदी भी की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

झुलसी किशोरी ने अस्पताल में तोड़ा दम

आजमगढ़ जिला अस्पताल में तीन दिन पूर्व गंभीर हालत में भर्ती कराई गई 17 वर्षीय किशोरी ने शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह काफी झुलस गई थी। वहीं अबूझ हाल में झुलसी मऊ जनपद निवासी 16 वर्षीय किशोरी को शुक्रवार की दोपहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन किशोरी की हालत गंभीर बताई जाती है। बता दें कि मेंहनगर थाना क्षेत्र के पकड़ी पवनी ग्राम निवासी बालचंद की 17 वर्षीय पुत्री चेतना गत पांच फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थी। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचाराधीन चेतना ने शुक्रवार की सुबह दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसी क्रम में मऊ जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगदूपुर ग्राम निवासी विनोद कुमार की 16 वर्षीय पुत्री नंदिनी शुक्रवार की सुबह अबूझ हाल में झुलस गई। परिजनों ने दोपहर में झुलसी किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
By : रण विजय सिंह

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो