आजमगढ़

लाठी खाएंगें लेकिन यूपी सरकार को घुटनों पर जरूर लाएंगे : अजय कुमार लल्लू

-कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बाढ़ क्षेत्र का किया दौरा, लोगों से सुनी समस्या-बाढ़ से त्राहि-त्राहि कर रही जनता और हवा में उड़ रहे सरकार के मंत्री-कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा, कहा सड़क से संसद तक लड़ेगी कांग्रेस

आजमगढ़Aug 10, 2020 / 08:25 pm

Mahendra Pratap

लाठी खाएंगें लेकिन यूपी सरकार को घुटनों पर जरूर लाएंगे : अजय कुमार लल्लू

आजमगढ़. जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र दियारा में घाघरा नदी के बंधे के टूटने और कई जगह हो रहे रिसाव के बीच सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बाढ़ क्षेत्र का दौरा किया। और उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही क्षेत्र में हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग की।
बाढ़ क्षेत्र में पहुंचे अजय कुमार लल्लू ने सबसे पहले बाढ़ प्रभावित गांवों व टूटे रिंग बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्या जानी। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरा प्रदेश बाढ़ से प्रभावित हैं, लेकिन सरकार हवाई सर्वेक्षण कर रही है। लोगों के खेत, मकान और हजारों एकड़ फसलें बर्बाद हुई है लेकिन सरकार ने आज तक न तो बाढ़ ग्रस्त घोषित किया है और न ही एक रूपया मुआवजा दिया जा रहा है।
बलिया से बहराइच तक बाढ़ से परेशान लोग :- अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम है। इन सब मुददों को लेकर कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बलिया से लेकर बहराइच तक बाढ़ से लोग परेशान है। लेकिन सबसे अधिक चिंता की बात है कि अब तक सरकार ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्र घोषित नहीं किया। आजमगढ़ और मऊ में रिंग बांध टूटे लेकिन स्थलीय सर्वेक्षण के बजाय सरकार केवल हवाई सर्वेक्षण कर रही है। अगर पिछले साल ही परियोजना, रिवेटमेंट की व्यवस्था की गयी होती तो यह स्थिति नहीं होती। आज लोगों के खेत, फसलें और घर पानी में डूबे हुए है लेकिन लोगों को राहत नहीं मिल रही है। प्रदेश सरकार लोगों को लगातार धोख दे रही है।
कानून व्यवस्था पर हमला :- अजय कुमार लल्लू घायल जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव राजीव मिश्रा के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इसके बाद प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम है। लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाएं बढ़ी है, अपराध अपने चरम सीमा है। इन सब को लेकर भी कांग्रेस के कार्यकर्ता संघर्ष करेगें, लाठी खायेगें लेकिन प्रदेश सरकार को घुटनों पर जरूर लायेगें।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.